वक्फ की संपत्ति का सही उपयोग होता तो अशिक्षा एवं गरीबी से निजात मिल जाती – आशिफ एवं शफीक
वक्फ की सारी संपत्ति का भौतिक सत्यापन कर राजस्व रिकार्ड दुरूस्त किया जाये
Seoni 31 January 2025
सिवनी यशो:- वक्फ की संपत्ति के बेजा दुरूपयोग को रोकने के लिये जहाँ सरकार कार्यवाही करने के संकेत दे चुकी है वहीं इस संपत्ति को संरक्षित करने और इसका सदुपयोग करने के लिये जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने की गुहार लगा रहा है । यहाँ बता दे कि केन्द्र सरकार ने वक्फ की संपत्ति के भौतिक सत्यापन के लिये राज्यों को निर्देश दिये है । राज्यों को मिले निर्देश के तहत मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड से संबंधित संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश मध्यप्रदेश अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं पिछड़ा वर्ग विभाग ने सभी कलेक्टरों, संभाग के कमिश्नरों निर्देश दिये है कि 5 दिन के अंदर वक्फ की जमीनों का भौतिक सत्यापन कर पूरी जानकारी ऑनलाइन दी जाये ।
सरकार के आदेश के साथ ही सिवनी जिला कलेक्टर को मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के जिला संयोजक शफीक पटेल एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री मो. आशिफ ने संयुक्त रूप से जिला कलेक्टर को आवेदन दिया है । जिसमें उन्होंने लिखा है कि सिवनी जिले में अरबो रूपयों की वक्फ की संपत्ति है यदि इसका नियमानुसार उपयोग किया जाता तो अल्पसंख्यक समाज में गरीबी और अशिक्षा न होती परंतु इस संपत्ति का सही तरीके से उपयोग न होने से संपति खुर्द बुर्द हो गयी है और भू माफियाओ ने प्रशासन से सांठ गांठ कर संपत्ति का बेजा दुरूपयोग किया है ।
जिला कलेक्टर को संयुक्त रूप से आवेदन देने वाले दोनों आवेदको ने दावा किया है कि यह संपत्ति 600 करोड़ रूपये से अधिक की संपत्ति है और इसका उल्लेख मध्यप्रदेश के राजपत्र में स्पष्ट रूप से किया गया है, परंतु इस बेशकीमती जमीन का शासकीय पोर्टल डब्ल्यू ए एम एस आई मध्यप्रदेश से गायब है । उन्होंने मांग की है कि शासन के निर्देशानुसार वक्फ की जमीनों का भौतिक सत्यापन कर राजस्व रिकार्ड में उन्हें दर्ज किया जाये।
इस संबंध में दैनिक यशोन्नति से चर्चा में वक्फ बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष सनवर पटेल ने कहा है कि सरकार के द्वारा वक्फ संपत्ति का भौतिक सत्यापन कराने का निर्णय बहुत अच्छा है । वक्फ संपत्ति के दुरूपयोग को रोकने के लिये सरकार जो कर रही है वह बहुत अच्छा है। वक्फ की पूरी संपत्ति सुरक्षित होगी और पारदर्शी कार्यवाही होगी ।
वक्फ की जमीन के सत्यापन के आदेश, सिवनी की जमीनों का भी होगा सत्यापन



