आप में अभिमान नहीं है तो आपका जीवन सफल:सांसद
संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर सांसद के विचार
Chhindwara 11 February 2025
छिंदवाड़ा यशो:- सांसद ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर उन्हें कोटि कोटि नमन करते हुए कहा कि संत रविदास जी मन की पवित्रता पर जोर देते हैं। रविदास जी कहते हैं, जिस व्यक्ति का मन पवित्र होता है, उसके बुलाने पर मां गंगा एक कठौती में भी आ जाती हैं। निर्मल मन में ही भगवान वास करते हैं। अगर आपके मन में किसी के प्रति बैर भाव नहीं है, कोई लालच या द्वेष नहीं है, तो आपका मन ही भगवान का मंदिर, दीपक और धूप है। ऐसे पवित्र विचारों वाले मन में प्रभु सदैव निवास करते हैं। सांसद श्री साहू ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया है। उन्होंने कहा की संत रविदास द्वारा दर्शाया गया श्रद्धा, भक्ति, समानता और करुणा का मार्ग समाज को एकजुट रखने के साथ-साथ दृढ़ चरित्र निर्माण का भी मार्ग प्रशस्त करता है।
सांसद श्री साहू ने बताया कि संत रविदास कहते थे कि ईश्वर की भक्ति बड़े भाग्य से प्राप्त होती है. यदि आप में थोड़ा सा भी अभिमान नहीं है तो निश्चित ही आपका जीवन सफल रहता है ठीक वैसे ही जैसे एक विशालकाय हाथी शक्कर के दानो को बिन नही सकता लेकिन एक तुच्छ सी दिखने वाली चींटी शक्कर के दानों को आसानी से बिन लेती है। राम, कृष्ण, हरी, ईश्वर, राघव सब एक ही परमेश्वर के अलग अलग नाम है वेद, पुराण आदि सभी ग्रंथो में एक ही ईश्वर का गुणगान किया गया है, और सभी ईश्वर की भक्ति के लिए सदाचार का पाठ सिखाते हैं। संत रविदास ने हमेशा जातिवाद को त्याग कर प्रेम से रहने की शिक्षा दी।




