दूधपानी में अवैध कोयला खनन का पर्दाफाश, कलेक्टर हरेंद्र नारायण के आदेश से हरकत में प्रशासन
रेत के बाद अब कोल माफिया बना चुनौती, वन-राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर
अवैध कोयला खनन दूधपानी
Chhindwara 01 March 2026
छिंदवाड़ा यशो:-जिले में रेत माफिया पर कार्रवाई के बाद अब कोयला क्षेत्र में सक्रिय कोल माफिया प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ताजा मामला जुन्नारदेव क्षेत्र के रामपुर स्थित दूधपानी इलाके का है, जहां बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन की गंभीर शिकायतें सामने आई हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक माह से हजारों टन कोयला भारी मशीनों के जरिए निकाला जा रहा है, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद हरकत में प्रशासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरेंद्र नारायण ने प्रकरण को संज्ञान में लिया और वन विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए।
इसके बाद देर शाम दोनों विभागों की संयुक्त टीम दूधपानी पहुंची। अधिकारियों के अनुसार जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
पहाड़ियों और जमीन से खुलेआम मशीनों से खनन
स्थानीय लोगों के अनुसार दूधपानी क्षेत्र की पहाड़ियों और निजी जमीनों से जेसीबी व अन्य भारी मशीनों द्वारा कोयला निकाला जा रहा है।
क्षेत्र में मजदूरों की लगातार आवाजाही और मशीनों की मौजूदगी प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल खड़े कर रही है।
प्रशासन और पुलिस की चुप्पी पर सवाल
सूत्रों का दावा है कि स्थानीय अधिकारियों को अवैध खनन की जानकारी पहले से थी, इसके बावजूद अब तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।
कुछ ग्रामीणों का कहना है कि एक बार अधिकारी मौके पर पहुंचे जरूर, लेकिन कार्रवाई सिर्फ औपचारिक बनकर रह गई।
अवैध कोयला खनन दूधपानी, राजनीतिक संरक्षण की आशंका
सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले में सत्ता और विपक्ष के कुछ स्थानीय नेताओं की भूमिका संदेह के घेरे में है।
बताया जा रहा है कि दूसरे जिले के एक प्रभावशाली नेता के करीबी लोगों ने क्षेत्र में जमीन खरीदी, और कोयला मिलने के बाद अवैध उत्खनन शुरू कर दिया गया।
सरकार को करोड़ों के राजस्व नुकसान की आशंका
यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो
-
पर्यावरण को भारी नुकसान,
-
सरकारी राजस्व को करोड़ों की क्षति,
-
और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला खनन दूधपानी मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कोयला खनन दूधपानी “कोल माफिया बने विधायक” – भाजपा मंडल अध्यक्ष का बड़ा आरोप
इस बीच भाजपा के दमुआ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष शिवम साहू ने जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके पर कोल माफिया को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है।
शिवम साहू ने कहा कि
“रामपुर-तानसी क्षेत्र के बारू ढाना, दूधपानी सहित आसपास के इलाकों में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला उत्खनन हो रहा है। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर कोयला माफिया के गुंडे धमकी देते हैं और मारपीट तक करते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि अब यह काला कारोबार संरक्षण से आगे बढ़कर सीधे राजनीतिक संरक्षण में चल रहा है।
अवैध कोयला खनन दूधपानी मामले में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर प्रकाशित किया जाएगा।



