संचालक के विरूद्ध प्रकरण दर्ज
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के हर गांव गाँव में अवैध रूप से शराब का विक्रय सर्वविदित है । चाय, पान किराना दुकानों ढाबो में अवैध रूप से शराब का विक्रय आम बात है । आबकारी विभाग के ठेके की दुकानों जितनी संख्या है उससे कई गुना अधिक अवैध रूप से शराब विक्रय के ठिकाने है और ऐसा कोई गाँव नहीं होगा जहाँ शराब का अवैध विक्रय नहीं हो रहा है और शराब का अवैध निर्माण नहीं हो रहा है । आबकारी विभाग द्वारा सिवनी नागपुर मुख्य मार्ग के मोहगांव स्थित ढाबा एवं किराना दुकान से बड़ी मात्रा में अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की गयी है
शासकीय विज्ञप्ति के अनुसार कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन (Collector Ms. Sanskriti Jain) के निर्देशानुसार सिवनी जिले में सहायक आबकारी आयुक्त शैलेश जैन (Assistant Excise Commissioner Shailesh Jain) के मार्गदर्शन में अवैध शराब (illicit liquor) के उत्पादन, भण्डारण तथा परिवहन पर लगातार कार्यवाही जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार 02 अगस्त 2024 को प्रात: आबकारी विभाग के सिवनी मण्डल की संयुक्त टीम के द्वारा कुरई क्षेत्र के ग्राम मोहगांव सड़क स्थित सोनी ढाबा एवं किराना दुकान में छापामारा कार्यवाही करते हुए किराना दुकान संचालक अखिलेश सोनी आत्मज संतोष सोनी उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम मोहगॉव सड़क के कब्जे से 17 बोतल बीयर एवं 22 पाव अंग्रेजी शराब तथा 24 पाव देशी प्लेन शराब बरामद कर जप्त की गई है। आरोपी अखिलेश सोनी के विरुद्ध आबकारी दक्षिण वृत्त की प्रभारी सुश्री खुशबू प्रिया मरावी, आबकारी उप निरीक्षक द्वारा मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34 (1)क के अंतर्गत आपराधिक प्रकरण कायम किया गया है। जप्त शराब की अनुमानित कीमत 18,000 /- रूपए हैं।आबकारी विभाग की आज की कार्यवाही में आबकारी सिवनी मण्डल के शहर वृत्त, दक्षिण वृत्त एवं उत्तर वृत्त का कार्यपालिक स्टॉफ का योगदान रहा है।



