वैश्विक नेत्री थीं आयरन लेडी इंदिरा गांधी – भास्कर राव
मंडला पहुँची इंदिरा ज्योति यात्रा, इंदिरा स्मरण सभा के बाद नगर में निकाली गई रैली
वैश्विक नेत्री थीं आयरन लेडी इंदिरा गांधी – भास्कर राव
मंडला पहुँची इंदिरा ज्योति यात्रा, इंदिरा स्मरण सभा के बाद नगर में निकाली गई रैली
Mandla 12 January 2026
मंडला यशो:- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में सम्यक अभियान द्वारा संचालित इंदिरा ज्योति अभियान के अंतर्गत इंदिरा ज्योति यात्रा मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं राजस्थान के विभिन्न जिलों में निकाली जा रही है।
इसी क्रम में रविवार 11 जनवरी को इंदिरा ज्योति यात्रा मंडला पहुँची।
यहाँ बिछिया विधायक एवं सम्यक अभियान जिला आयोजन अध्यक्ष नारायण सिंह पट्टा तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने यात्रा का अभिनंदन किया।
पत्रकार वार्ता में इंदिरा गांधी के योगदानों पर प्रकाश
इसके पश्चात सम्यक अभियान प्रमुख गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भों के माध्यम से देश के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी के योगदानों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि –
इंदिरा गांधी महात्मा गांधी के विचारों के अनुरूप रामराज्य की स्थापना के संकल्प के साथ आगे बढ़ीं।
श्वेत क्रांति, हरित क्रांति, बैंकों का राष्ट्रीयकरण,
औद्योगिकीकरण, सेना का आधुनिकीकरण तथा शिक्षा-स्वास्थ्य-रोजगार के क्षेत्र में उनके कार्य देश के विकास की मजबूत नींव बने।
इंदिरा स्मरण सभा का आयोजन
वहीं पत्रकार वार्ता के उपरांत मंडला नगर मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय कांग्रेस कार्यालय में इंदिरा स्मरण सभा का आयोजन किया गया।
यहाँ स्व. इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
सभा को बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले, पूर्व विधायक संजीव उइके, जिला प्रवक्ता एड. संजय चौरसिया, रागिनी परते सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस दौरान सभी ने इंदिरा गांधी के साहस, नेतृत्व और निडरता से जुड़े अनेक प्रसंग साझा किए।
आयरन लेडी क्यों कहलाईं इंदिरा गांधी
अपने उद्बोधन में भास्कर राव रोकड़े ने कहा कि
“इंदिरा गांधी वैश्विक नेत्री थीं। वे न तो अमेरिका से डरती थीं और न ही किसी अन्य देश से।”
इसी साहस के कारण पाकिस्तान के दो टुकड़े हुए और बांग्लादेश का निर्माण हुआ।
उन्होंने कहा कि –
इंदिरा गांधी को आयरन लेडी यूँ ही नहीं कहा जाता, उनकी निडरता, साहस और देशभक्ति ही उन्हें यह पहचान दिलाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि –
आज उनके योगदानों को कमतर बताने की कोशिश की जा रही है,
जबकि उनके नेतृत्व का प्रभाव इतना था कि-
उस समय के विपक्षी नेता भी उन्हें देवी दुर्गा का अवतार कहते थे।
नगर में रैली निकालकर यात्रा का हुआ समापन
स्मरण सभा के बाद इंदिरा ज्योति यात्रा के साथ नगर में रैली निकाली गई।
यह रैली इंदिरा गांधी के जयघोष एवं अमरता के नारों के साथ सभास्थल से प्रारंभ होकर डॉ. अंबेडकर चौराहा पहुँची,
जहाँ बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इसके बाद रैली मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः सभास्थल पहुँची, जहाँ इसका समापन किया गया।
यहाँ से इंदिरा ज्योति यात्रा बालाघाट जिले के लिए रवाना हुई।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में सम्यक अभियान प्रमुख भास्कर राव रोकड़े, प्रदेश सचिव एच.आर. शंकुले,
जिला आयोजन समिति अध्यक्ष नारायण सिंह पट्टा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले, पूर्व विधायक संजीव उइके,
पूर्व जिलाध्यक्ष एड. राकेश तिवारी, कमलसिंह मरावी, सतीश झरिया, गतसिंह भवेदी, सुमन श्रीवास, रामभजन पटेल, भूपेंद्र वर्कड़े,
सुभाष पांडे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, मोर्चा संगठनों के प्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में आभार प्रदर्शन एड. राकेश तिवारी द्वारा किया गया एवं मंच संचालन राजेश कछवाहा ने किया।



