बैडमिंटन कोर्ट में जज को आया हार्ट अटैक, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद नहीं बची जान
Chhindwara 16 December 2024
छिंदवाड़ा यशो:- जिले के विशेष न्यायाधीश मोहित दीवान (District Special Judge Mohit Diwan) को बैडमिंटन (badminton) खेलते वक्त हार्ट अटैक (heart attack) आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वह आज सुबह रोज की तरह बैडमिंटन खेलने के लिए सतपुड़ा क्लब पहुंचे थे। खेल के दौरान अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वह चक्कर खाकर गिर पड़े। साथ खेल रहे खिलाडिय़ों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सीपीआर और अन्य आकस्मिक उपचार किए। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा पाए और उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छिंदवाड़ा में इन दिनों शीत लहर चल रही है, जो उत्तर भारत में बर्फबारी के कारण मानी जा रही है। आज सुबह शहर का तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, इस ठंड में बाहर जाने से बचना चाहिए और खेलकूद या एक्सरसाइज से पहले उचित वार्म-अप करना जरूरी है। ठंड के मौसम में हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है, और कम उम्र के लोगों में भी इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते।
ऐसी स्थिति में हार्ट अटैक आने पर बचने की संभावना कम हो जाती है।
मोहित दीवान फरवरी 2024 में छिंदवाड़ा में विशेष न्यायाधीश पदस्थ हुए थे वे 2016 में मध्य प्रदेश उच्च न्यायिक सेवा में चयनित हुए थे एवं इसके पूर्व वे रायपुर में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थे । उनका अंतिम संस्कार कल सुबह 11:00 बजे उनके पुत्र के रायपुर से आने के बाद किया जाएगा । छिंदवाड़ा में कुछ दिनों से लगातार शीत लहर चल रही है जिसका कारण उत्तर भारत में बर्फबारी को बताया जा रहा है आज सुबह भी शहर का तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया था ।





