छपारा यशो:- पुलिस विभाग और राजस्व का गांव में प्रथम प्रतिनिधि कोटवार होता है परंतु पुलिस और राजस्व के इस महत्वपूर्ण प्रतिनिधि की दशा आज कल ठीक नहीं है । वर्तमान समय में यह सबसे निरीह प्राणी बनकर रह गया है । ग्रामीण क्षेत्र के लोग कोटवार पर धौँस जमाकर उन्हें डराने धमकाने का काम करते है । ऐसा ही एक मामला छपारा थाना क्षेत्र का सामने आया है । जहाँ बीती 9 जुलाई को शाम नगर से अपने ग्राम जामुनपानी रैय्यत को लौट रहे ग्राम कोटवार पर ग्राम के ही खेत पड़ोसियों ने लाठी और हाथ मुक्कों से अचानक गांव के पास नाले की पुलिया पर हमला कर दिया । जिसमें कोटवार के पूरे शरीर में जगह जगह चोट आई , इतना ही नहीं मारपीट करने के बाद हमलावर उसे पुलिया के उपर से नीचे नाले में फेंक दिया । जिससे बुरी तरह घायल कोटवार को दूसरे दिन सुबह गांव के एक युवक ने उसके घर तक पहुंचाया । घर पहुँचने के बाद कोटवार ने छपारा पुलिस थाना में पहुंचकर हुई मारपीट की घटना की शिकायत दर्ज कराई गई है । जिसमें मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है । पुलिस पूरे मामले पर जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामुनपानी रैय्यत के कोटवार नोखेलाल डेहरिया पिता सुमतलाल डेहरिया 48 वर्ष के ऊपर नगर से गांव लौटते समय शाम लगभग 7:30 बजे गांव के पास शमशान के पास वाले नाले की पुलिया पर अचानक गांव के ही सुमेरी और विनोद ने खेतों पर मेड को लेकर पुराने विवाद के चलते लाठी से मारकर कोटवार को बुरी तरह घायल कर दिया और नाले की पुलिया से नीचे गिराकर घायल कर दिया । जिसे दूसरे दिन सुबह गांव के युवक ने घर पहुंचाया और परिजनों की सहायता से थाना में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई गई वहीं प्राथमिक उपचार के बाद कोटवार नोखेलाल डेहरिया को कमर की चोट एवं पैर फेक्चर होने की दशा में नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया गया है।

