जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद, हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
योजनाओं से संवर रही ग्रामीणों की आजीविका, विधायक कमल मर्सकोले और कलेक्टर नेहा मीना ने सुनी समस्याएं
कुरई जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों से सीधा संवाद, योजनाओं से संवर रही आजीविका
Seoni, 09 October 2026
सिवनी यशो:- ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कुरई में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक कमल मर्सकोले एवं कलेक्टर नेहा मीना ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक एवं कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के साथ यह भी ध्यान रखा जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान का मंच उपलब्ध कराने के साथ शासकीय सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना रहा।
उद्यम संवाद में सामने आईं आत्मनिर्भरता की कहानियां
जनविश्वास शिविर में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आजीविका मिशन से जुड़कर स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियां संचालित कर रहे हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए।
हितग्राहियों ने बताया कि किस प्रकार सरकारी योजनाओं की सहायता से पशुपालन, किराना व्यवसाय, गुड़ उत्पादन और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
आजीविका मिशन से जुड़ी कविता बादवंदे एवं सीमा इनवाती ने समूहों के माध्यम से संचालित आर्थिक गतिविधियों और अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि समूहों से जुड़कर महिलाएं विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ रहे ग्रामीण
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेकर किराना व्यवसाय संचालित कर रहे देवेंद्र दीक्षित ने व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने से जुड़े अनुभव साझा किए। वहीं आचार्य विद्यासागर योजना का लाभ लेकर पशुपालन कर रहे केशव राव ने पशुपालन के माध्यम से संचालित अपनी आर्थिक गतिविधियों की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) का लाभ लेकर गुड़ उत्पादन से जुड़े दीनदयाल सनोडिया ने उत्पादन एवं कार्य के अनुभव साझा किए। उन्होंने कृषि आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को सामने रखा।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के हितग्राही संजय मर्सकोले ने भी योजना के माध्यम से स्वरोजगार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
हितग्राहियों के अनुभवों से शिविर में मौजूद ग्रामीणों को यह जानने का अवसर मिला कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर पशुपालन, व्यवसाय, खाद्य प्रसंस्करण और समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से अपनी आजीविका को मजबूत किया जा सकता है।
योजनाओं की जानकारी के साथ समस्याओं का समाधान
जनविश्वास शिविर में एक ओर जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, वहीं दूसरी ओर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने और पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, जनपद पंचायत कुरई अध्यक्ष लोचन सिंह मर्सकोले, जनपद पंचायत सिवनी अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, पूर्व विधायक अर्जुन काकोडिया, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
NH-44 के नाले में फेंका खतरनाक बायोमेडिकल कचरा, वन्यजीवों पर मंडराया खतरा
गरीबों के निवाले पर डाका! अन्नदूत वाहन से चोरी-छिपे उतारा जा रहा था अनाज, देर रात छापा
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 68वां निःशुल्क नेत्र शिविर आज, किसानों की समस्याओं का भी होगा समाधान
सेवा ज्योति के साथ विकसित भारत का संकल्प, दशहरा मैदान में गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश



