मध्यप्रदेशसिवनी

भू-माफियाओं के कारनामे, मरे व्यक्ति की बेच दी जमीन

Seoni 23 March 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिले में भू माफिया राजस्व विभाग के कर्मचारियों से मिलकर जमीनों को फर्जी तरीके से खरीदने बेचने को बड़े उद्योग के रूप में संचालित कर रहे है । हालांकि इस प्रकार के फर्जीवाड़े में राजस्व विभाग के कर्मचारी अधिकारी दंडात्मक कार्यवाही का सामना कर चुके है परंतु फर्जीवाड़ा रूकने का नाम नहीं ले रहा है ।

जिले के आदिवासी विकासखंड कुरई में भू माफिया द्वारा राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के साथ मिलकर 1987 -88 में मृत हो चुके व्यक्ति के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेच दी गयी । इस मामले की शिकायत होने के बाद प्रशासन गंभीर हुआ है और शिकायत कत्र्ता से दस्तावेज मांग रहा है । ने रजिस्ट्री को शून्य करने के लिए संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया है।

शिकायतकर्ता अर्पित तिवारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि गांव के ही कुछ लोगों ने फर्जीवाड़ा कर परिवारिक भूमि को अपने नाम करवाया और बाद में उसे अन्य व्यक्तियों को बेच दिया है।

कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, सिवनी के पत्र क्रमांक/1151/अ0 कले0/2025 सिवनी दिनांक 17/02/2025 के अनुसार आवेदक अर्पित तिवारी द्वारा एक शिकायत पेश कर लेख किया है कि ग्राम सेवनकन्हार रा0नि0मं0 कुरई तहसील कुरई जिला सिवनी स्थित भूमि खसरानं0 66 रकबा 1.93 हे0 भूमि मुन्नेलाल पिता कन्हैया के नाम पर भूमि स्वामी दर्ज थी। मुन्नेलाल की मृत्यु सन् 1987-88 में हुई थी। ग्राम के एक अन्यत व्यक्ति जिसके पिता का नाम मुन्नेलाल था जिसकी मृत्यु 4 जनवरी 2008 को ग्राम रमपुरी में हुई है उसका मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा कर कूटरचित तरीके से फौती नामातंरण करवा लिया गया एवं उक्ते भूमि को विक्रय कर दिया गया।

जिसमें सूरत पिता मुन्नेलाल पिता जगन ग्राम मुकद्दम, ग्राम कोटवार ग्राम पंचायत सरपंच, ग्राम सचिव, दलाल प्रहदाल डहरवाल, पटवारी अजय गजभिये, नायब तहसीलदार कुरई, के साथ खरीदारगण रीता पति आकाश खंडेलवाल, कोमल मालू का शामिल होने का लेख किया गया है।

फर्जी रजिस्ट्री के मामले में प्रशासन ने अब पेपर प्रकाशन करने का आदेश दे दिया है ताकि संबंधित व्यक्ति को न्यायालय में उपस्थित होने का अवसर दिया जा सके। अर्पित तिवारी को 27 मार्च 2025 को न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरई के समक्ष अन्य दस्तावेज लेकर उपस्थित होने के लिए कहा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन ने फर्जी रजिस्ट्री के मामले में स्थानीय अधिकारियों को भी अवगत कराया है और कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है। मामले की पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!