इंदौर में 11 सितंबर से यात्री परिवहन विजन समिट-2026, CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ
PPP मॉडल, इलेक्ट्रिक बसों, AI आधारित परिवहन व्यवस्था और एकीकृत टिकटिंग पर होगा मंथन; देशभर के विशेषज्ञ, बस ऑपरेटर और उद्योग प्रतिनिधि होंगे शामिल
इंदौर में 11 सितंबर से यात्री परिवहन विजन समिट-2026
भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश की सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा 11 और 12 सितंबर 2026 को इंदौर में दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट-2026 आयोजित किया जा रहा है। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होने वाली समिट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समिट का मुख्य फोकस ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ पर रहेगा। आयोजन का उद्देश्य मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) के माध्यम से जन-निजी भागीदारी (PPP), आधुनिक आईटी सिस्टम और हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
इंडस्ट्री एक्सपो, नई पुस्तिका और MPYPIL के नए लोगो का होगा अनावरण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट के दौरान इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में बस निर्माताओं, आईटी कंपनियों, वित्तीय संस्थानों और विभिन्न शासकीय निगमों की ओर से परिवहन क्षेत्र से जुड़े नवाचारों एवं गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान समिट की स्मारिका का विमोचन, ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की भावी कार्ययोजना पर आधारित विशेष पुस्तिका का विमोचन तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित MPYPIL के नए लोगो का अनावरण भी किया जाएगा।
मोबिलिटी क्षेत्र के स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हैकाथॉन का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री करेंगे।
देशभर के विशेषज्ञ और निजी बस ऑपरेटर होंगे शामिल
समिट में देश के विभिन्न राज्यों के परिवहन उपक्रमों, निजी बस ऑपरेटरों, नीति निर्माताओं, परिवहन विशेषज्ञों, आईटी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। दो दिनों तक प्रदेश की सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित, सरल और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की रणनीति पर मंथन होगा।
समिट में कुल 8 प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें परिवहन क्षेत्र में निवेश, रोजगार, सुरक्षा, तकनीक, हरित ऊर्जा और यात्री सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
ये प्रमुख कंपनियां और संस्थान होंगे शामिल
समिट में EKA Mobility, Tata Motors, GreenCell Mobility, Volvo-Eicher, Switch Mobility, Aero Eagle Automobile, Yash Technologies, Rapido, Chalo Mobility, Amnex Infotechnologies, Indian Oil Corporation, SBI और Think Gas सहित प्रमुख कंपनियां सहभागिता करेंगी।
इसके अलावा WRI India, BITS Pilani, CEPT Ahmedabad, KPMG और DIMTS जैसे संस्थानों के परिवहन विशेषज्ञ भी अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे।
8 सत्रों में होगा परिवहन व्यवस्था के भविष्य पर मंथन
1. मध्यप्रदेश मोबिलिटी विजन-2030 और PPP मॉडल
बस संचालन एवं इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के माध्यम से सेवा की गुणवत्ता सुधारने पर चर्चा होगी।
2. भविष्य के लिए तैयार यात्री परिवहन अवसंरचना
बस टर्मिनल, मल्टीमॉडल हब, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम में PPP के जरिए निवेश आकर्षित करने पर मंथन होगा।
3. वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बस संचालन
किराए पर निर्भरता कम करने, विज्ञापन, खुदरा, लॉजिस्टिक्स और नामकरण अधिकार जैसे गैर-किराया राजस्व के विकल्पों पर चर्चा होगी।
4. रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएमईजीपी, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया, पीएम कौशल विकास योजना, पीएम ई-ड्राइव, पीएम ई-बस सेवा और पीएम गति शक्ति के जरिए परिवहन क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता बढ़ाने पर विचार होगा।
5. यात्री सुरक्षा और सुविधा
सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन प्रतिक्रिया, बसों का प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, रियल टाइम यात्री सूचना, चालक प्रशिक्षण और शिकायत निवारण जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
6. AI और डेटा आधारित परिवहन योजना
रीयल टाइम डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से इंट्रा-सिटी एवं इंटर-सिटी बस मार्गों के युक्तिकरण और शेड्यूलिंग पर विशेषज्ञ विचार रखेंगे।
7. हरित मोबिलिटी और स्वच्छ ईंधन
इलेक्ट्रिक, हाइड्रोजन और फ्लेक्स-फ्यूल बसों के साथ चार्जिंग एवं रीफ्यूलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन डिपो और उन्नत चालक सहायता प्रणाली पर मंथन होगा।
8. एकीकृत टिकटिंग से निर्बाध यात्रा
‘एक राज्य, एक यात्रा’ की अवधारणा के तहत नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड, ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन, ओपन-लूप पेमेंट सिस्टम और मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस (MaaS) प्लेटफॉर्म पर चर्चा होगी।
परिवहन व्यवस्था में बदलाव की दिशा तय करने का प्रयास
यात्री परिवहन विजन समिट-2026 के माध्यम से मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को तकनीक आधारित, सुरक्षित, आर्थिक रूप से मजबूत और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए नीति एवं निवेश की संभावनाओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। समिट में सामने आने वाले सुझावों के आधार पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और MP Mobility Vision-2030 को आगे बढ़ाने की दिशा तय होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें:-
सागर अवैध शराब कांड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा एक्शन, न्यायिक जांच के आदेश
नीट-जेईई की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिलेगा सुनहरा अवसर



