महाशिवरात्रि व होली पर्व शांति एवं सद्भावनापूर्वक मनाये:कलेक्टर
Chhindwara 11 February 2025
छिंदवाड़ा यशो:- कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गतदिवस कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में महाशिवरात्रि और होली पर्व की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में महाशिवरात्रि पर्व के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं और होली पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए चर्चा की गई।
बैठक में नगरपालिक निगम के महापौर विक्रम अहके के साथ ही समिति के सभी अशासकीय सदस्य और एसपी अजय कुमार पांडे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अग्रिम कुमार, एडीएम के.सी.बोपचे व एसडीएम सुधीर कुमार जैन सहित समिति के सभी शासकीय सदस्य उपस्थित थे। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि महाशिवरात्रि और होली जैसे बड़े पर्वों को आनंद के उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी त्योहारों में एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान जरूरी है। महाशिवरात्रि मेले के दौरान जिले के सभी प्रमुख मंदिरों बड़ा महादेव, छोटा महादेव (जुन्नारदेव), पातालेश्वर (छिंदवाड़ा), अर्धनारीश्वर (मोहगांव हवेली), शंकर वन (बिछुआ) और जाम सांवरी मंदिर सहित अन्य स्थलों पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।





