फर्जी नंबर प्लेट वाले ट्रक में टिकरिया वेयरहाउस से चांवल लेकर चंपत हुये थे
Mandla 17 May 2025
मंडला यशो:- मंडला जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी चोरी का खुलासा किया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है दोनो आरोपी सिवनी जिले के गोपालगंज के निवासी है, जिन्होंने ट्रक पर नकली नंबर प्लेट लगाकर वेयरहाउस से 241 क्विंटल चावल चुरा लिए थे। यह घटना 25 अप्रैल को जिले के टिकरिया स्थित वेयरहाउस में सामने आई, जब एक व्यक्ति खुद को ट्रक चालक बताकर वहां पहुंचा और चावल लोड कराकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को ट्रक नंबर रूक्क 22 ॥ 9060 का ड्राइवर बताते हुए वेयरहाउस कर्मचारियों को विश्वास में लिया। उसने बताया कि वह इन चावल की बोरियों को जिला पांढुर्णा के गुलशन पालियन्स में डिलीवर करेगा। वेयरहाउस कर्मचारियों ने 490 बोरी चावल उस ट्रक में लोड करा दिए। लेकिन, चावल की डिलीवरी नहीं होने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि चावल ले जाने वाले ट्रक पर नकली नंबर प्लेट लगी थी और असली चालक कोई और था। मामले की तह में जाकर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के गोपालगंज निवासी मकसूद (37) और अनीश खान (45) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया 490 बोरी चावल एवं वारदात में उपयोग किया गया ट्रक बरामद कर लिया ह। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों से पूछताछ जारी है।



