सांसद ने पीडि़त परिवारों को दी एक लाख की व्यक्तिगत मदद
अमरवाड़ा क्षेत्र के पांच नवयुवकों की सड़क दुर्घटना में हुई थी मृत्यु
Chhindwara 14 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- सांसद बंटी विवेक साहू अपने संसदीय क्षेत्र की जनता के हर सुख दुख में कांधे से कांधा मिलाकर उनके साथ खड़े रहते हैं। सांसद निधि के अलावा वे अपनी व्यक्तिगत मदद से भी जनसेवा के कार्य कराने तत्पर रहते हैं। पीडि़तों की सेवा करने और उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास करने वाले सांसद बंटी विवेक साहू ने अमरवाड़ा क्षेत्र के पांच पीडि़त गरीब परिवारों को व्यक्तिगत रूप से एक लाख रुपए की आर्थिक मदद दी है।
पिछले दिनों अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के पांच नवयुवकों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। जिनमें से तीन युवक अमरवाड़ा नगर और दो युवक अमरवाड़ा के ही ग्राम लिंगपानी के रहने वाले थे। सड़क दुर्घटना में असामयिक काल के गाल में समाए अमरवाड़ा के स्वर्गीय सुखराम यादव, स्वर्गीय आयुष यादव, स्वर्गीय शेख शहज़ाद शाह एवं लिंगपानी ग्राम के स्वर्गीय विक्रम उईके और स्वर्गीय राजा परते के परिजनों से मिलने सांसद बंटी विवेक साहू अमरवाड़ा और लिंगपानी स्थित उनके घर पहुंचे और परिजनों को 20-20 हज़ार सहायता राशि दी। इसके अलावा सांसद बंटी विवेक साहू ने पर लोक वासी पांचों युवकों की आकस्मिक मृत्यु पर उनके परिजनों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराने अधिकारियों से चर्चा कर जल्द से जल्द आवश्यक कार्यवाही पूरी कराने निर्देश दिए।



