दुबई में MP के वैश्विक निवेश मिशन की प्रभावशाली शुरुआत, CM मोहन यादव ने निवेशकों को दिया साझेदारी का न्योता
दुबई में CM मोहन यादव का निवेश मिशन, MP में निवेश के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर्स को न्योता
भोपाल/ दुबई। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के चार दिवसीय संयुक्त अरब अमीरात दौरे की शुरुआत दुबई में कई महत्वपूर्ण बैठकों और वैश्विक निवेश संवाद के साथ हुई। दौरे का प्रमुख उद्देश्य मध्यप्रदेश को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI), वैश्विक औद्योगिक साझेदारी और दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग के लिए प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

प्रतिनिधिमंडल 7 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित एआईएम कांग्रेस 2026 में शामिल होकर मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और विकास की रूपरेखा को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि निवेशकों के लिए दीर्घकालिक विकास साझेदारी का एक विश्वसनीय मंच तैयार करना है।
प्रवासी भारतीय समुदाय ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचने पर मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल का भारतीय मिशन के अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद होटल फॉर्च्यून एट्रियम में संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे प्रवासी भारतीय समुदाय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय स्वागत किया।

जितेंद्र वैद्य के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 प्रवासी भारतीय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को मध्यप्रदेश के विकास और राज्य की वैश्विक ब्रांडिंग में महत्वपूर्ण भागीदार बताया।
ओडीओपी और GI उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ताज दुबई, बिजनेस बे में मध्यप्रदेश के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और भौगोलिक संकेतक (GI) उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया गया। इसमें बैतूल का बेल मेटल क्राफ्ट, अशोकनगर की चंदेरी साड़ी, खरगोन के महेश्वर की महेश्वरी साड़ी, उज्जैन का बाटिक प्रिंट, भोपाल की जरी-जरदोजी और ग्वालियर का कारपेट प्रमुख रूप से शामिल रहे।
राज्य सरकार का उद्देश्य इन उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ना, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंच बढ़ाना और स्थानीय कारीगरों के लिए नए आर्थिक अवसर तैयार करना है।
भारतीय राजनयिक नेतृत्व से निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल तथा दुबई एवं नॉर्थ अमीरात में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक में मध्यप्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक भूमि, बेहतर कनेक्टिविटी, निवेशक-अनुकूल नीतियों, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं और औद्योगिक अधोसंरचना को लेकर जानकारी साझा की गई।
मुख्यमंत्री ने यूएई के सॉवरेन वेल्थ फंड, प्रमुख कॉर्पोरेट समूहों, व्यापारिक संगठनों और संस्थागत निवेशकों से मध्यप्रदेश का संपर्क बढ़ाने में भारतीय मिशन से सहयोग का आग्रह किया। साथ ही उन्हें आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।
अरब संसद के अध्यक्ष से व्यापार और निवेश पर संवाद
दुबई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अरब संसद के अध्यक्ष महामहिम मोहम्मद अहमद अल यामाही के सम्मान में आयोजित विशेष दोपहर भोज में भी भाग लिया।
इस दौरान मध्यप्रदेश और अरब देशों के बीच व्यापार, निवेश, कृषि, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अरब निवेशकों को मध्यप्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, चिकित्सा उपकरण, वस्त्र, लॉजिस्टिक्स, उन्नत विनिर्माण और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी दी।
उन्होंने मोहम्मद अहमद अल यामाही तथा अरब व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल को मध्यप्रदेश आने और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
21 से अधिक देशों के संसदीय नेतृत्व को GIS-2027 का निमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यपूर्व और अफ्रीका क्षेत्र के विभिन्न देशों के संसदीय नेताओं को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में आमंत्रित करने का आग्रह किया। इनमें अल्जीरिया, बहरीन, कोमोरोस, जिबूती, मिस्र, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, लीबिया, मॉरिटानिया, मोरक्को, ओमान, फिलिस्तीन, कतर, सऊदी अरब, सोमालिया, सूडान, सीरिया, ट्यूनीशिया, यूएई और यमन के संसदीय प्रमुख शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य मध्यप्रदेश और पश्चिम एशिया तथा अफ्रीकी देशों के बीच निवेश, व्यापार, उद्योग, अधोसंरचना, नवाचार और आर्थिक सहयोग को नई गति देना है।
वैश्विक मीडिया के सामने रखी मध्यप्रदेश की विकास दृष्टि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वैश्विक मीडिया के साथ संवाद करते हुए मध्यप्रदेश की औद्योगिक, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और अधोसंरचनात्मक क्षमताओं को सामने रखा।
उन्होंने कहा कि राज्य में सिंगल विंडो प्रणाली, त्वरित स्वीकृति व्यवस्था, प्रगतिशील औद्योगिक नीतियां और देश के मध्य में स्थित रणनीतिक भौगोलिक स्थिति निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण आकर्षण हैं।
AIM Congress 2026 के ‘Tycoons Dinner’ में शामिल हुए CM
दुबई दौरे के पहले दिन का समापन AIM Congress 2026 के विशेष ‘Tycoons Dinner’ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सहभागिता के साथ हुआ। कार्यक्रम की मेजबानी एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष महामहिम डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी ने की।
कार्यक्रम में सॉवरेन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस, संस्थागत निवेशक, वैश्विक कॉरपोरेट समूहों के वरिष्ठ अधिकारी, वित्तीय संस्थानों के प्रमुख और नीति-निर्माता शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के निवेशकों, नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए मध्यप्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों, मजबूत औद्योगिक अधोसंरचना और लॉजिस्टिक्स क्षमता की जानकारी दी।
उन्होंने विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, नवकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, शहरी अधोसंरचना, प्रौद्योगिकी और निर्यातोन्मुख उद्योगों में उपलब्ध निवेश अवसरों को रेखांकित करते हुए वैश्विक निवेशकों को मध्यप्रदेश के विकास अभियान से जुड़ने का आमंत्रण दिया।
दुबई में पहले दिन हुए इन संवादों से मध्यप्रदेश और वैश्विक निवेश समुदाय के बीच आर्थिक सहयोग तथा रणनीतिक साझेदारी की संभावनाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद हैयह भी पढ़ें:-
भक्ति में सराबोर हुआ चौरई, छठवें वर्ष में पहुंची श्रीराम कथा; कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
राष्ट्र निर्माता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे शिक्षक: सांसद बंटी विवेक साहू
सीहोर में बनेंगे 1200 केवी तक के पावर ट्रांसफार्मर, ग्लोबल मार्केट में होगी मध्यप्रदेश की नई पहचान



