मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी
सहायक उपकरणों के सहारे दिव्यांगजनों की दैनिक दिनचर्या सुगम होगी – सांसद श्रीमती पारधी
जरूरतमंदों की मदद के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नही – मुनमुन राय
273 दिव्यांगजनों को एडिप योजना अंतर्गत वितरित हुए सहायक उपकरण
Seoni 09 June 2025
सिवनी यशो:- भारत सरकार की एडिप योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित करने हेतु एक विशेष शिविर का आयोजन 09 जून 2025 को राशि लॉन, सिवनी में किया गया। यह शिविर जिला कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशन में तथा स्थानीय निकायों के सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक दिनेश राय मुनमुन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, संतोष अग्रवाल एवं आनंद शर्मा ं ने मां सरस्वती की पूजा व दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन, जनपद प्रभारी सीईओ सुश्री रेखा देशमुख सहित अन्य अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कार्यक्रम को संबोधित कर योजना से लाभांवित होकर सहायक उपकरण प्राप्त कर रहे सभी व्यक्तियों को शुभकामनाऐं दी। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरणों के सहारे दिव्यांगजनों की दैनिक दिनचर्या सुगम हो सकेगी। अन्य व्यक्ति पर आश्रित होने के भाव को कम किया जा सकेगा।
विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद दिव्यांग की मदद के लिए कार्य कर रही है। जरूरतमंदों की मदद के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। सरकार का प्रयास है कि दिव्यांग व्यक्ति को हर जरूरी सुविधा दी जाए, ताकि उनका जीवन यापन सही ढंग से हो सके। इसी के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों में दिव्यांगों को जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है।कार्यक्रम में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर के सहयोग से सिवनी जनपद एवं नगर निकाय के 164 तथा बरघाट जनपद के 109, कुल 273 चिन्हित दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन उपकरणों में 36 मोटराइज्ड ट्रायसिकल, 76 ट्रायसिकल, 61 व्हीलचेयर, 4 सीपी चेयर, 44 श्रवण यंत्र, 74 बैसाखी, 53 वॉकिंग स्टिक, 11 रोलेटर, 40 टीएलएम किट, 7 सुगम्य केन एवं 40 कृत्रिम अंग सहित कुल 446 उपकरण सम्मिलित हैं।
शिविर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, एलिम्को के अधिकारीगण तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।






