श्री बड़ी माता मंदिर नवनिर्माण में नई पहल, “भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” का शुभारंभ
जनसहयोग से बन रहा भव्य मंदिर, भक्तों को मिलेंगे माँ के आशीर्वाद स्वरूप उपहार

बड़ी माता मंदिर नवनिर्माण योजना -“भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” शुरू
Chhindwara 19 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- लगभग 500 वर्षों से अधिक प्राचीन नगरशक्ति पीठ श्री बड़ी माता मंदिर के भव्य नवनिर्माण कार्य को जनसहयोग के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान माने जाने वाले इस मंदिर के निर्माण कार्य में अब एक नई पहल के रूप में “भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” का शुभारंभ किया गया है।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष संतोष सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हो रहे इस भव्य मंदिर का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
मंदिर निर्माण हेतु पूर्व में प्राप्त 6 करोड़ रुपए से अधिक की जनसहयोग राशि पूर्णतः व्यय हो चुकी है, जबकि अभी लगभग 9 करोड़ रुपए की राशि की आवश्यकता है।
50 हजार कूपन के माध्यम से जुटाया जाएगा जनसहयोग
मंदिर ट्रस्ट संरक्षक अरविंद राजपूत ने बताया कि मंदिर निर्माण कार्य को गति देने के उद्देश्य से “भाग्यशाली भक्त उपहार योजना” प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत:

- 500 मूल्य के लगभग 50 हजार कूपन जारी किए जाएंगे
- करीब ₹2.50 करोड़ की सहयोग राशि एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है
- इसमें से लगभग ₹40 लाख की राशि भाग्यशाली भक्तों को उपहार स्वरूप प्रदान की जाएगी
- शेष लगभग ₹2 करोड़ मंदिर नवनिर्माण कार्य में उपयोग किए जाएंगे
सोशल मीडिया और जनसंपर्क अभियान से जोड़े जाएंगे श्रद्धालु
मंदिर मीडिया प्रभारी गौरव सोनी ने बताया कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान तैयार किया गया है। इसमें प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने बताया कि आगामी दीपावली एवं ग्यारहस के मध्य नवंबर माह में लकी ड्रा कार्यक्रम आयोजित कर योजना का समापन किया जाएगा। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लगातार साझा की जाएगी।
2027 में विशाल प्राण प्रतिष्ठा का लक्ष्य
मंदिर ट्रस्ट ने छिंदवाड़ा वासियों से मंदिर निर्माण में विशेष सहयोग की अपील की है। ट्रस्ट का लक्ष्य वर्ष 2027 तक मंदिर निर्माण पूर्ण कर भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित करना है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के संरक्षक एवं सदस्यगणों सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खाता नंबर और QR/बार कोड से भी कर सकेंगे सहयोग
मंदिर समिति ने बताया कि बड़ी माता मंदिर के भव्य निर्माण में लगभग 15 से 20 करोड़ रुपए तक खर्च होने का अनुमान है। समिति द्वारा जनसहयोग एकत्र करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
समिति सदस्यों का मानना है कि यदि मंदिर निर्माण से संबंधित वीडियो एवं प्रचार सामग्री के साथ खाता नंबर और QR/बार कोड को सोशल मीडिया पर साझा किया जाए, तो देशभर से श्रद्धालु मंदिर निर्माण में आर्थिक सहयोग कर सकेंगे।
समिति ने कहा कि श्री बड़ी माता मंदिर क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण सिद्धपीठ है, जहां भविष्य में देशभर से श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु आने की संभावना है।



