रोड की समस्या को लेकर अब ग्रामीणों को उम्मीद आम आदमी पार्टी से
ग्राम मंदिर टोला पहुँची आप टीम, जल्द होगा जन आंदोलन का एलान

मंडला, 3 नवम्बर 2025
मंडला यशो:- प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आम आदमी पार्टी मंडला की टीम जनसभाओं की तैयारी हेतु ग्राम मंदिर टोला पहुँची। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि आज़ादी के इतने वर्षों के बाद भी गांव तक पहुंचने वाला सड़क मार्ग अब तक नहीं बन पाया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कांग्रेस और बीजेपी के नेता केवल वोट मांगने चुनाव के समय आते हैं, परंतु चुनाव के बाद कोई पूछने तक नहीं आता। लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी किसी जनप्रतिनिधि ने समस्या की सुध नहीं ली।
आम आदमी पार्टी मंडला के कार्यकारी जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ज्ञापन और आवेदन जिला कलेक्टर एवं जिला सीईओ को दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि “गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए आने वाली एम्बुलेंस केवल चमारवाह तक आती है। आगे जाने से ड्राइवर इंकार कर देता है और मरीज को पैदल लाना पड़ता है। यह अत्यंत शर्मनाक स्थिति है, विशेषकर जब यह क्षेत्र प्रदेश की कैबिनेट मंत्री का गृह जिला है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रतिनिधिमंडल कल ग्रामीणों का आवेदन लेकर सीईओ, जिला पंचायत मंडला से मुलाकात करेगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। पंकज सोनी ने कहा कि “अब आम आदमी पार्टी इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएगी, और आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”
इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी जिला सचिव अशोक पांडे, कार्यकारी विधानसभा प्रभारी शिशु सिंधु भलावी, और दुर्गेश उईके उपस्थित रहे।



