म. प्र. के एक करोड़ नागरिक करेंगे योग व ध्यान
विश्वयोग दिवस हेतु ध्यान के प्रशिक्षण लगातार जारी
सिवनी यशो:- 21 जून, 2023 विश्व योग दिवस के भव्य आयोजन हेतु मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर तैयारी प्रारंभ कर दी है। शासन ने इस योग दिवस पर राज्य के “एक करोड़ नागरिकों” को योग व ध्यान की हमारी सनातन परंपरा से जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस लक्ष्य को प्राप्त करने में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् महत्तवपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। इस तारतम्य में शासन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् व हैदराबाद स्थित कान्हा शांति वनम (हार्टफुलनेस संस्थान) के सहयोग से गांव- गांव में योग व ध्यान के प्रशिक्षण आयोजित करा रही हैं।
इसी कड़ी में कान्हा शांति वनम की टीम हमारे सिवनी जिले में भी पधार चुकी है। इस टीम द्वारा विगत 1 सप्ताह से “हर घर ध्यान, हर दिल ध्यान” के उद्देश्य को पूर्ण करने के लिए स्थानीय योग साधकों व जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर योग व ध्यान का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अभियान में अपनी सहभागिता प्रदान करने के संबंध में जिला कलेक्टर महोदय के द्वारा भी विभिन्न विभागों को निर्देश जारी हो चुके हैं।
जन अभियान परिषद के श्री सौरभ शुक्ला, मेंटर्स, श्री नरेश कुमार मिश्रा (योग प्रशिक्षक), हार्टफुलनेस के स्थानीय प्रभारी श्री डी.पी.साहू (बीमा सलाहकार), श्री पूनमचंद सोनी, श्री कृपाल सिंह बघेल आदि के द्वारा विगत 13 मई से लगातार 1-1 घंटे के ‘ध्यान प्रशिक्षण’ शिविर सिवनी जिले की विभिन्न संस्थाओं के सदस्यगणों के साथ मिलकर आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान के विभिन्न चरणों से रिलेक्सेशन, सफाई, प्रार्थना की विधि से लोगों को अवगत कराया जा रहा है।
नरेश मिश्रा जी एवं डी.पी.साहू जी ने बताया कि हार्ट फुलनेस की समझ आने पर ध्यान करने से हमारे जीवन के मानसिक तनाव को दूर करना, कार्य कुशलता बढ़ाते हुए मन की शांति रखना, एकाग्रता बढ़ाना, विचारों में स्पष्टता लाना, सकारात्मक सोच विकसित करना, सेवाभाव बढ़ाना, दिव्यता जैसे गुण आ सकते हैं।
साथ ही ध्यान सबके जीवन स्तर के परिवर्तन लाने में अत्याधिक उपयोगी है। इसलिए जिलेवासियों से अनुरोध है कि इन ध्यान शिविरों का लाभ उठाए और आगामी 21 जून विश्व योग दिवस पर अपने गांव, मंदिर, स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामाजिक भवनों में शिविर लगाकर विश्वयोग दिवस को सफल बनाए।



