उपद्रवियों पर इनाम की घोषणा
Seoni 31 May 2025
छपारा यशो:- गत दिवस आगामी बकरीद त्योहार के मद्देनजर, छपारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कड़वी और ग्राम चंडी में एक जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पहल शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने के उद्देश्य से की गई थी। छपारा पुलिस द्वारा एक प्रेस नोट जारी कर बताया गया कि उक्त कार्यक्रम में एसडीओपी लखनादौन पुलिस अपूर्व भलावी, छपारा नगर निरिक्षक खेमेंद्र कुमार जैतवार सहित वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणजनों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और सभी को त्यौहार को शांतिपूर्वक और भाईचारे के साथ मनाने की समझाईश दी।
दोनों गांवों में गुरुवार दोपहर हुई बैठक के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से गोवंश से संबंधित किसी भी प्रकार के अपराध को रोकने पर जोर दिया। यह स्पष्ट किया गया कि यदि कोई व्यक्ति ऐसे किसी अपराध में लिप्त पाया जाता है या उसे करने का प्रयास करता है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
सिवनी जिला पुलिस अधीक्षक और जिला दंडाधिकारी सिवनी द्वारा एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की गई है। ऐसे किसी भी व्यक्ति को जो गोवंश से संबंधित अपराधों के बारे में सूचना देगा, उसे 5000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य अपराधों पर अंकुश लगाना और समुदाय में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
यह जनसंवाद कार्यक्रम दर्शाता है कि स्थानीय प्रशासन त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।



