मध्यप्रदेशसिवनी

शिक्षक संघ की प्रांतीय बैठक जबलपुर में संपन्न

अप्रैल माह से नवीन शैक्षणिक सत्र के औचित्य पर उठे सवाल

Seoni 15 April 2025

सिवनी यशो:-मध्य प्रदेश शिक्षक संघ की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक वेटरनरी कॉलेज जबलपुर में संपन्न हुई । इस अवसर पर शिक्षकों की समस्याओं/ मांगो, संगठन की विभिन्न गतिविधियों तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

प्रदेश भर से आए हुए शिक्षक संघ के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने जिलों की समस्याओं और कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।चर्चा के दौरान विशेष रूप से अध्यापकों को नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता प्रदान करने, चौथा समय मान वेतन दिए जाने, आयुष्मान योजना की तरह पाँच लाख रुपए तक का चिकित्सा बीमा दिए जाने, तीसरी संतान वाले शिक्षकों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाही संबंधी नियम को समाप्त किए जाने ,अर्जित अवकाश की एंट्री में आ रही समस्याओं के समाधान, एनपीएस की पासबुक दिए जाने जैसी अनेक समस्याओं पर शासन का ध्यान आकर्षण कराने की बात कही गई।

सिवनी जिला अध्यक्ष  अविनाश पाठक द्वारा उच्च पदभार की काउंसलिंग होने के बाद भी अनेक शिक्षकों के आदेश जारी नहीं किए जाने, उच्च माध्यमिक शिक्षकों की 24 वर्ष की क्रमन्नति की कार्यवाही न किए जाने एवं अप्रैल माह से नवीन शैक्षणिक सत्र प्रारंभ किए जाने के औचित्य पर सवाल उठाया गया।। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में भीषण गर्मी का प्रकोप रहता है । ठीक परीक्षा/परिणाम के उपरांत विद्यार्थी और शिक्षक अध्ययन-अध्यापन के लिए मानसिक रूप से भी तैयार नहीं रहते। शालाओं में बच्चों की उपस्थिति भी नगण्य रहती है ।

ऐसी स्थिति में अप्रैल माह में नवीन शैक्षणिक सत्र का प्रारंभ मात्र एक कर्मकांड बनकर रह गया है। पूर्व की भांति 15 जून से नवीन शिक्षण सत्र प्रारंभ किया जाना शिक्षा एवं छात्र हित में होगा।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रांताध्यक्ष  छात्रवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि वे इन सभी मांगों के लिए शासन से सतत संपर्क में है और शीघ्र ही प्रमुख मांगों के पूर्ण होने के प्रति आशान्वित हैं।

आगामी कार्यक्रमों में 10, 11 एवं 12 मई को अमरकंटक में कार्यकर्ताओं का अभ्यास वर्ग एवं जुलाई माह में सदस्यता अभियान चलाया जावेगा ।

उपरोक्त बैठक में अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ उपाध्यक्ष संजय रावत, प्रान्तीय महामंत्री राकेश गुप्ता, सिवनी जिला से विजय शुक्ला प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, जिला अध्यक्ष अविनाश पाठक, सचिव संतोष सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष के. एल. पटले एवं जिला कार्यकारिणी से हरिशंकर यादव उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!