ठेकेदार की लापरवाही के कारण आमजनता को परेशानी न हो – राजेश यादव
अमृत 2.0 जलावर्धन योजना का कार्य स्वीकृति के छ: माह बाद भी नहीं हुआ प्रारंभ
Seoni 27 May 2025
सिवनी यशो:- आम जनता की सहजता से सुविधाओं उपलब्ध हो इसके लिये प्रदेश और केन्द्र सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर रही है परंतु इन योजनाओं को प्राप्त होने में ठेकेदारों की लापरवाही के कारण बिलंब होता है और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है । सिवनी नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को योजनाओं की पूर्णता पर ध्यान देकर समय पर योजनाओं का लाभ जनता प्राप्त हो यह बात सुनिश्चित करना चाहिये । इस आशय का पत्र सिवनी नगर पालिका परिषद में विवेकानंद वार्ड के पार्षद राजेश राजू यादव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिवनी को सौंपा है ।
श्री यादव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि अमृत 2.0 जलावर्धन का कार्य मे. बीना कंसट्रक्शन कंपनी एण्डल्यूक इंजीकॉन पटना बिहार के द्वारा लिया गया है, जिसे पूर्ण करने की कार्य अवधि 02 वर्ष है, नगर पालिका परिषद सिवनी द्वारा कार्यादेश 26/11/2024 को जारी किया गया है, 02 वर्ष अवधि 25/11/2026 तक कंपनी को अपना कार्य पूर्ण करना है, किंतु 06 माह बीत जाने के बाद आज दिनांक तक कार्य प्रारंभ नही हुआ है, विगत माह नगर में हुये जलसंकट को देखते हुये उक्त कार्य को समयावधि में पूर्ण कराने हेतु आदेशित करें । ताकि समय पर कार्य पूर्ण हो सके एवं दोबारा जलसंकट की स्थिति निर्मित न हो ।



