धरती आबा एवं जल गंगा अभियान की समीक्षा बैठक: कलेक्टर संस्कृति जैन ने दिए ठोस निर्देश
Seoni 10 June 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और जल गंगा अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग सहित अभियान से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
सुश्री जैन ने बताया कि जिले की 292 पंचायतों के अंतर्गत 397 ग्रामों में चल रहे अभियान में चिन्हित सेवाओं की योजनावार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अभियान से जुड़ी विभिन्न योजनाओं – आयुष्मान भारत कार्ड, जनधन खाता, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं राशन कार्ड जैसी मूलभूत सेवाओं के डोर-टू-डोर सर्वे के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रह जाए।
शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बने हैं, उनके लिए ग्रामवार शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने प्रत्येक योजना के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामों में निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को अभियान में शामिल ग्रामों में सड़क, बिजली, पानी एवं संचार व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल गंगा अभियान की समीक्षा करते हुए विकासखण्डवार जल संरचनाओं के पुनर्जीवन और नवीन निर्माण कार्यों की प्रगति को तेज करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को सक्रिय भागीदारी के निर्देश
बैठक में प्रभारी सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुनीता खंडायत, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सत्येन्द्र मरकाम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।



