सिवनी में रेत माफिया की दबंगई, कांग्रेस ने भाजपा पर संरक्षण देने का लगाया आरोप
घटना से क्षेत्र में फैला दहशत का माहौल, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग तेज
Seoni 21 November 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र में रेत माफिया के दबंगों द्वारा एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। बताया जाता है कि रेत माफिया गोलीकांड ने डर और दहशत पैदा करने के उद्देश्य से यह वारदात की। फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश मरावी ने प्रेस को जारी बयान में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “सिवनी जैसी शांत जगह में बाहुबली अपराधियों को भाजपा के संरक्षण में इतना हौसला मिल गया है कि वे खुलेआम गोलीबारी करने से भी नहीं डर रहे हैं।”
मरावी ने आरोप लगाया कि शराब माफिया, जुआ संचालक, रेत माफिया और भू-माफिया जैसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों को भाजपा के कुछ नेताओं का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण प्रशासन भी उन पर कार्रवाई करने से हिचकिचाता है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे तत्व सत्ता पक्ष के टॉप नेताओं की शरण में होने के कारण कानून से बच निकलते हैं।
उन्होंने हाल ही में सामने आए बालाघाट के एक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि, –
“जब बालाघाट पुलिस मालखाने की राशि से जुड़े मामले में भैरोगंज पहुंची,
तो वहां भाजपा नेताओं ने हस्तक्षेप कर पुलिस को वापस लौटा दिया था।”
वहीं दूसरी ओर उन्होंने आरोप लगाया कि बेगुनाह लोगों पर बुलडोजर चलाने जैसी कठोर कार्रवाई की गई,
लेकिन जब अपराधियों के नाम सत्ता से जुड़े होते हैं, तो प्रशासन मौन हो जाता है।
अपराधियों के हौंसले बुलंद है
मरावी ने कहा कि भाजपा शासन में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि –
उन्हें भरोसा हो गया है कि पार्टी में शामिल होते ही उन्हें शासन-प्रशासन से सुरक्षा मिल जाएगी।
यही कारण है कि –
भ्रष्टाचार,
खनन,
जमीनों पर कब्जा,
बलात्कार और
हत्या जैसे गंभीर मामलों में आरोपी व्यक्ति भाजपा में शरण ले रहे हैं।
सिवनी को आपराधिक जिला बना रही है भाजपा
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसी स्थितियां बनी रहीं,
तो मध्यप्रदेश और खासतौर से सिवनी में भी बिहार और उत्तर प्रदेश जैसी कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने में देर नहीं लगेगी।
कांग्रेस ने रेत माफिया गोलीकांड की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
(ध्यान दें: उपरोक्त बयान कांग्रेस के दृष्टिकोण पर आधारित है।
प्रशासन और भाजपा पक्ष की प्रतिक्रिया मिलने पर उसे भी शामिल किया जाएगा।)



