छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

आदिवासी महिला सरपंच की गिरफ्तारी पर सरपंच संघ ने जताया विरोध – रिहाई की मांग

 Chhindwara 17 April 2025
 छिंदवाड़ा यशो:- जनपद पंचायत जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत नजरपुर की निर्वाचित आदिवासी महिला सरपंच जयवंति राज भोपा को एक आपराधिक प्रकरण में आरोपी बनाकर विगत 8 दिवस पूर्व रिमांड पर जेल भेजे जाने के विरोध में जिला सरपंच संघ द्वारा कड़ा विरोध दर्ज किया गया है।
सरपंच संघ अध्यक्ष परसराम वर्मा ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि सरपंच का निर्वाचन संविधान प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था के तहत होता है, जिसमें सामान्यत: कम पढ़ी-लिखी महिलाएं भी ग्राम वासियों के सहयोग से पंचायत संचालन करती हैं। ग्राम पंचायत नजरपुर की सरपंच जयवंति राज भोपा भी स्थानीय आदिवासी समुदाय से आती हैं, और उनका निर्वाचन भी इसी लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है।
श्री वर्मा ने बताया कि पूर्व कार्यकाल (2020) में हुए कुछ निर्माण कार्यों, विशेषकर हितग्राही मूलक तालाब निर्माण में हुई अनियमितताओं को वर्तमान सरपंच से जोडऩे का प्रयास किया गया है। पंचायत सचिव व अन्य कर्मियों द्वारा पुराने दस्तावेजों में बिना जानकारी दिए सरपंच से हस्ताक्षर कराए गए और उसी आधार पर उन्हें आरोपी बना दिया गया।
सरपंच संघ का स्पष्ट कहना है कि जब पंचायत के शासकीय भुगतान सचिव एवं सरपंच के संयुक्त हस्ताक्षर से होते हैं, तो अकेले सरपंच को आरोपी बनाकर जेल भेजना अन्यायपूर्ण एवं षडय़ंत्रपूर्ण है। संघ का यह भी आरोप है कि दोषी कर्मचारियों को बचाने हेतु अधिकारियों द्वारा पक्षपात किया जा रहा है।
सरपंच संघ ने प्रशासन से मांग की है कि आदिवासी महिला सरपंच जयवंति राज भोपा की तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जाए और दोषी कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर समान रूप से कठोर कार्यवाही की जाए।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!