20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा गया ASI, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
एफआईआर में मदद और फर्जी सिग्नेचर जांच के नाम पर मांगी थी रिश्वत
सिवनी रिश्वत कांड – सिवनी बस स्टैंड की चाय दुकान पर लोकायुक्त जबलपुर ने किया ट्रैप
Seoni 13 May 2026
सिवनी यशो:- भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बुधवार को सिवनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (ASI) को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बस स्टैंड स्थित एक चाय दुकान पर की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एफआईआर में मदद के बदले मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक नंदकिशोर चौरसिया निवासी ग्राम छितापार, थाना कुरई जिला सिवनी ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके बेटे अभिषेक चौरसिया को नौकरी दिलाने और सरकारी विभाग में वाहन लगाने का झांसा देकर ठगी की गई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना कोतवाली सिवनी में दर्ज कराई गई थी।
मामले की जांच कर रहे कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक दिनेश रघुवंशी द्वारा सही रिपोर्ट तैयार करने एवं फर्जी हस्ताक्षरों की जांच करवाने के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। बाद में सौदेबाजी के बाद आरोपी 20 हजार रुपये लेने पर तैयार हो गया।
चाय दुकान पर बिछाया जाल, रिश्वत लेते ही दबोचा
लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। बुधवार 13 मई 2026 को बस स्टैंड स्थित चाय दुकान पर जैसे ही आरोपी दिनेश रघुवंशी ने आवेदक से 20 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों ने संभाली कार्रवाई
इस ट्रैप कार्रवाई में दल प्रभारी डीएसपी नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक शशिकला मस्कुले, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
लोकायुक्त की आमजन से अपील
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तत्काल लोकायुक्त कार्यालय से संपर्क करें।
संपर्क सूत्र:
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त, जबलपुर
सिविक सेंटर, जेडीए बिल्डिंग, तीसरी मंजिल, जबलपुर
📞 मोबाइल : 7999514544
📞 दूरभाष : 0761-2408599, 0761-2408588



