मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी

जो कहा-वो किया”: सीएम डॉ. मोहन यादव ने घटाया काफिला, 13 से अब सिर्फ 8 गाड़ियां

प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर तत्काल अमल, वायरल वीडियो में दिखा बदला हुआ कारकेड

सीएम मोहन यादव काफिला, 13 की जगह अब सिर्फ 8 गाड़ियां | Video Viral

पेट्रोल-डीजल बचत को लेकर सरकार का बड़ा संदेश, मंत्रियों और जनता से भी की अपील

भोपाल यशो :- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील पर त्वरित अमल करते हुए अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या कम कर दी है। अब मुख्यमंत्री के कारकेड में केवल 8 गाड़ियां ही शामिल होंगी। पहले यह संख्या 13 बताई जा रही थी।

मुख्यमंत्री के इस फैसले के बाद उनका नया कारकेड सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सीएम के काफिले में पहले की तुलना में काफी कम वाहन नजर आ रहे हैं। इसे सरकार की ओर से ईंधन बचत और सादगी का संदेश माना जा रहा है।

युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के बीच ईंधन बचत पर जोर

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और संसाधनों के संयमित उपयोग को अपनाने की बात कही थी। प्रधानमंत्री की इसी अपील को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने सरकारी काफिले को छोटा करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार राष्ट्रहित में पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर प्रतिबद्ध है और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक न्यूनतम वाहनों का ही उपयोग किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी क्षेत्रीय दौरे के दौरान अनावश्यक वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी।

मंत्रियों और जनता से भी की विशेष अपील

सीएम डॉ. यादव ने राज्य के मंत्रियों से भी कम वाहनों के उपयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्थाओं में सादगी और संसाधनों की बचत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आम जनता से भी सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि लोग छोटे-छोटे स्तर पर ईंधन बचत का संकल्प लें, तो उसका बड़ा सकारात्मक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों पर पड़ेगा।

नरसिंहपुर दौरे में दिखा बदला हुआ कारकेड

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब नरसिंहपुर जिले के दौरे पर रवाना हुए, तब उनके काफिले में सीमित संख्या में वाहन दिखाई दिए। इसी दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कारकेड में केवल जरूरी वाहन ही शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की प्रमुख अपीलें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से अपील की है कि—

पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग करें

सार्वजनिक परिवहन और कार पूलिंग अपनाएं

विदेशी उत्पादों की बजाय स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें

गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचें

वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दें

किसान रासायनिक उर्वरकों का कम उपयोग करें और प्राकृतिक खेती अपनाएं

खाद्य तेल और अन्य संसाधनों का जरूरत के अनुसार ही उपयोग करें

सोशल मीडिया पर मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री के इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। लोग इसे “जो कहा-वो किया” वाली कार्यशैली बताते हुए सरकार की सादगी और संसाधन बचत की पहल से जोड़कर देख रहे हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button