किसानों को एक ही स्थान पर मिलेगी कृषि योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों की जानकारी, अधिकारियों को समय-सीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
Seoni, 26 October 2026
सिवनी यशो:- किसान कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत आगामी 2 नवंबर को सिमरिया कृषि उपज मंडी परिसर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के माध्यम से किसानों को कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और हितग्राहीमूलक गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि महोत्सव में कृषि एवं कृषि से जुड़े सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाएं। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को विभागीय योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए, ताकि किसान शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया समझ सकें।
किसानों की सुविधा के लिए पुख्ता व्यवस्थाओं के निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, पार्किंग, सुरक्षा और यातायात सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि महोत्सव में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता पर जोर
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने संबंधित विभागों को महोत्सव में अधिक से अधिक किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों तक कृषि क्षेत्र में संचालित शासकीय योजनाओं, नवीन तकनीकों और कृषि संबंधी गतिविधियों की जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाएं।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।