राष्ट्रीय एकता दिवस एवं शहीद दिवस पर कांग्रेस द्वारा श्रद्धांजलि सभा आज
सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती और स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर इंदिरा भवन में होगा कार्यक्रम
Seoni 30 October 2025
सिवनी यशो:- स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, देश के प्रथम गृहमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन देश की पूर्व प्रधानमंत्री और आयरन लेडी स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि भी श्रद्धापूर्वक शहीद दिवस के रूप में मनाई जाती है।
इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर 2025, शुक्रवार, दोपहर 12 बजे, जिला कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन सिवनी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उपस्थिति का आग्रह
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेश मरावी ने सभी जिला एवं नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों सहित मोर्चा संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ, मंडलम, सेक्टर, बूथ और बीएलए पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
उन्होंने साथ ही जिला, जनपद, नगरपालिका और नगरपंचायत के सभी निर्वाचित कांग्रेस जनप्रतिनिधियों से भी कार्यक्रम में सम्मिलित होकर देश की इन दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित करने का आग्रह किया है।



