मंत्री से किसी ने कहा इंजीनियर तो किसी ने कहा डाक्टर बनेंगे
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया
Seoni 25 April 2025
सिवनी यशो :- प्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतु और अर्द्धघुमंतु कल्याण विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)श्रीमती कृष्णा गौर ने शुक्रवार 25 अप्रैल को पोस्ट मेट्रिक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास सिवनी का निरीक्षण किया। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने छात्रावास का निरीक्षण के दौरान बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, छात्रावास की साफ- सफाई, पेयजलापूर्ति, कमर्चारियों की स्थापना एवं उपस्थिति का अवलोकन करने के साथ ही छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। निरीक्षण के समय विधायक बरघाट कमल मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, जिला अध्यक्ष भाजपा श्रीमती मीना बिसेन, आलोक दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने छात्रावास की प्रत्येक छात्रा से उनका परिचय लेकर उनके डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनने के लक्ष्य को जानकर सभी को प्रोत्साहित किया। उन्होंने बालिकाओं से पूरी मेहनत कर अपने और अपने परिजनों के सपने को पूरा करने की बात कही। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी छात्रावासों की सुविधाओं का उन्नयन करने की दिशा में कार्य हो रहा हैं। उन्होंने बताया कि अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रत्येक छात्रावास में अध्ययनरत बच्चों के लिए नि:शुल्क मेस सेवा प्रारंभ करने का निर्णय शासन द्वारा लिया गया हैं। इसके अतिरिक्त सभी छात्रावासों में नि:शुल्क इंटरनेट की सुविधा के लिए वाई-फाई लगाये जायेंगे। उन्होनें कहा कि जल्द ही प्रत्येक छात्रावास में सोलर पैनल, ई लाइब्रेरी की सुविधा के साथ ही बच्चों के लिए जिम की सुविधा होगी। उन्होंने सिवनी छात्रवास में गीजर की व्यवस्था करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने पोस्ट मेट्रिक पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास सिवनी का निरीक्षण उपरांत छात्रावास की साफ-सफाई और उपलब्ध सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के अधिकारी- कर्मचारियों और छात्रावास स्टॉफ को बधाई दी।



