जन अभियान परिषद स्वैच्छिक प्रयासों का साझा मंच बनकर उभरा है -सुजीत जैन
स्वच्छता पर्व के रूप में मनाया गया जन अभियान परिषद का स्थापना दिवस, उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित, लगाया पौधा
Seoni 04 July 2025
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के 29वें स्थापना दिवस को जिले में स्वैच्छिकता पर्व के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह आयोजन स्थानीय क्षेत्रीय ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र बींझावाडा के सभाकक्ष में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण से की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में परिषद के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुजीत जैन, स्वदेशी जागरण मंच के विभाग संयोजक सुनील मालू, जल जीवन मिशन के धर्मेंद्र मिश्रा, प्रशिक्षण संस्थान के विनोद सिंह, रविंद्र पाल, तथा परिषद के जिला समन्वयक सौरभ शुक्ला उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सुजीत जैन ने परिषद के सतत जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “जन अभियान परिषद मध्यप्रदेश में स्वैच्छिक प्रयासों का साझा मंच बनकर उभरा है। इसके कार्यकर्ता प्रदेश की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में सेतु बनकर कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने आह्वान किया कि सभी सहभागी प्रदेश शासन की जनहितैषी योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और विकास यात्रा में सहभागी बनें।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश भी दिया गया।
यह आयोजन समर्पण, सेवा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण बना, जिसमें उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वैच्छिक भाव से समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।


