सिवनी बस स्टैंड में अराजकता पर लगाम के प्रयास तेज
पुलिस और बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित
Seoni, 06 December 2025
सिवनी यशो:- बस स्टैंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही अराजकता , झगड़ों और अव्यवस्था के कारण यात्रियों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। पुलिस गस्ती की कमी और तत्परता न होने के कारण बस स्टैंड परिसर में आए दिन विवाद की स्थितियां निर्मित हो रही हैं। कभी दो गुटों में झगड़ा तो कभी बस टाइमिंग और कमीशन को लेकर चालक–परिचालक और एजेंटों के बीच बहस आम हो चुकी है, जिससे पुलिस की साख पर भी सवाल उठ रहे हैं।
शुक्रवार रात लगभग 9 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्राइवेट बस स्टैंड में बस की टाइमिंग और कमीशन एजेंट के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बस चालक और परिचालक ने बस को यहीं खड़ा कर दिया।
इससे बस में बैठे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और अपने गंतव्य तक देर से पहुंचने की चिंता से वे परेशान दिखे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस भी लंबे समय तक मूकदर्शक बनी रही।
इसी पृष्ठभूमि में आज पुलिस कंट्रोल रूम में सभी बस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य बस स्टैंड से लगातार मिल रही शिकायतों और ऑपरेटरों के बीच झगड़ों को रोकना था।
बैठक में थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी यातायात तथा
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) मौजूद रहे।
चूंकि विवाद का मुख्य कारण बस परमिट से संबंधित मुद्दे हैं, इसलिए परिवहन विभाग की उपस्थिति आवश्यक मानी गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी बस ऑपरेटरों को कड़ी हिदायत दी कि—
-
बस स्टैंड में किसी भी प्रकार का विवाद दोबारा न हो
-
परमिट और टाइमिंग को लेकर झगड़ा करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी
-
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि अव्यवस्था दोहराई गई तो संबंधित ऑपरेटरों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।



