प्रतिभाओं को मिलेगा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
सांसद बंटी विवेक साहू ने प्रतिभाओं से की आवेदन करने की अपील
Chhindwara 19 May 2025
छिन्दवाड़ा यशो:- भारत सरकार द्वारा 18 वर्ष से कम उम्र के प्रतिभावान बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान करने की योजना संचालित की जा रही हैं। जिसे लेकर केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने सांसद बंटी विवेक साहू को पत्र लिखकर इस योजना की जानकारी देते हुए उनके संसदीय क्षेत्र के प्रतिभाओं को इस योजना का लाभ दिलाने की अपील की है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार भारत सरकार द्वारा प्रदान किये जाने वाला एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार है। जो मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित और प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है। इस योजना में शामिल होने के लिए बाल प्रतिभाओं की उम्र 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। इस योजना के तहत छ: श्रेणियों में बाल प्रतिभाओं का चयन किया जायेगा। जिसके तहत बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल कला और संस्कृति, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जिन प्रतिभाशाली बच्चों ने उत्कृष्टता और उत्कृष्ट योगदान का प्रदर्शन किया है उनका चयन किया जायेगा।
प्रतिभाशाली बच्चे 31 जुलाई 2025 तक इसके लिए आवेदन कर सकते है। प्रतिभाशाली बच्चो से 1 अप्रैल 2025 से आवेदन लेना शुरू कर दिये गये हैं। सांसद श्री साहू ने छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के प्रतिभाशाली बच्चों से इस योजना में शामिल होकर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार में चयनित होने पुरस्कार प्राप्त करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन करने की अपील की है।



