छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

परिस्थितियां से जो लड़ेगा वह आगे बढ़ेगा: शीलेन्द्र सिंह 

एम.पी.पीएससी परीक्षा में कलेक्टर ने बताये सफलता के सूत्र ,प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है: जनभागीदारी समिति अध्यक्ष भारत घई

छिन्दवाड़ा यशो:-  प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिंदवाड़ा में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की पहल पर स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के माध्यम से संचालित एम.पी. पीएससी परीक्षा प्रशिक्षण में जिला कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह द्वारा विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान कर विद्यार्थियो की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया । इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष भारत घई, सदस्य तरुण सोनी, प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद और संभागीय नोडल अधिकारी डॉ.पी.एन.सनेसर सहित स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना समिति के सभी प्राध्यापक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।  इस अवसर पर प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद ने विद्यार्थियो के हित में प्रशिक्षण प्रारंभ करने के लिए कलेक्टर श्री सिंह का आभार व्यक्त किया, वही जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष  भारत घई ने कहा कि कलेक्टर श्री सिंह की ये दूरगामी सोच छिंदवाड़ा जिले के विद्यार्थियो का कैरियर संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी ।
 इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों को अच्छी तैयारी के लिये टिप्स देते हुए कहा कि परीक्षा की तैयारी के लिये क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए यह बिल्कुल स्पष्ट होना चाहिए । समय लेकर लक्ष्य का निर्धारण करना और उस लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। बार-बार लक्ष्य नहीं बदलने चाहिए, नहीं तो मन हताश होता है और उत्साह में कमी आती है । तैयारी के समय विद्यार्थियों को आलस्य त्यागने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अनुशासित जीवन शैली का पालन करना चाहिए । दूसरे क्या कह रहे हैं इससे प्रभावित नहीं होना है, जब आप सफल होंगे तो आलोचना करने वाले ही आपकी प्रशंसा करेंगे।    पाठ्यक्रम के अनुसार सतत पढऩा और पढ़ा हुआ याद रखना है, लिखने का अभ्यास आपको निश्चित सफलता प्रदान करेगा। परिस्थितियों को दोष नही देना है, अपनी सहायता स्वयं ही कर सकते हैं, हिंदी, अंग्रेजी मीडियम से ज्यादा महत्वपूर्ण है, उस विषय का ज्ञान । स्क्रीन टाइम घटाकर उस समय का उपयोग योग और ध्यान में देना चाहिए इससे स्वस्थ रहेंगे और पढ़ाई में अच्छा मन लगेगा ।
 इसके अलावा कलेक्टर श्री सिंह ने स्वयं की तैयारी के विषय में और विपरीत परिस्थितियों में तैयारी करते हुए सफल होने वाले अधिकारयो के उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को प्रेरणा प्रदान की जिससे विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए । विद्यार्थियों ने कलेक्टर श्री सिंह से विभिन्न प्रश्न पूछे जिनका उत्तर कलेक्टर श्री सिंह ने देकर विद्यार्थियो का मार्गदर्शन किया, इस अवसर पर 60 विद्यार्थी उपस्थित थे।
 आयोजन का संचालन संभागीय नोडल अधिकारी डॉ.पी.एन.सनेसर व स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना ने किया तथा जिला नोडल अधिकारी डॉ.जे.एम.पुशाम, डॉ.टीकमणी पटवारी, डॉ.सुनामिका धुर्वे, प्रो.महेंद्र साहू प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कृषि संकाय की कक्षा का अवलोकन और मार्गदर्शन- महविद्यालय में इस वर्ष से प्रारंभ बीएससी कृषि की कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों को शासन द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं का लाभ लेने के लिये प्रेरित किया। इस अवसर पर जनभागीदारी अध्यक्ष  भारत घई सहित प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद, सदस्य  तरुण सोनी और कृषि संकाय के प्राध्यापक सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित थे ।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button