सिवनी 28 मई 2023
सिवनी यशो:-रविवार को दोपह 12 बजे के करीब जिले के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिस हुई तथा कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे । बेमौसम बारिश से आमजन बुरी तरह परेशान है । पहले दोपहर 12 बजे के करीब हल्की बारिश हुई और छपारा के आस पास तेज धुंध भरी हवाएँ चली फिर जिला मुख्यालय से केवलारी मार्ग स्थित ग्राम छुई, कान्हीवाड़ा, कटिया, कामता गांव में रविवार को दोपहर 3 बजे झमाझम बारिश, ओलावृष्टि व तेज हवाओं के साथ जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
तेज हवाओं के चलने से सड़क किनारे लगे पेड़ सड़क पर गिर गए। जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लग गया व आवागमन बाधित हुआ।
ग्रामवासियों ने बताया कि रविवार को सुबह मौसम पूरी तरह साफ था। दोपहर 3 बजे मौसम ने करवट बदला और आसमान में काले-काले बादल घिर आये। साथ ही तेज हवाओं के साथ गरज चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। साथ ही ग्राम छुई में ओले गिरे। इसके साथ ही सड़क किनारे लगा पेड़ गिर गया। जिससे वहां से गुजर रही एक बस चपेट में आते-आते बच गई। बस चालक ने अपनी बस को सड़क किनारे उतार लिया। सड़क पर पेड़ गिर जाने से दोनों तरफ वाहन बड़ी संख्या में खड़े रहे। कुछ देर तक यहां का आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इसके साथ ही जिला मुख्यालय में शाम 5 बजे बारिश हुई।
इन दोनों नौतपा चल रहा है और नौतपा में बारिश का भी योग बना हुआ है। अचानक हो रही बारिश से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।



