
Seoni 06 june 2025
सिवनी यशो:- जिले के धूमा थाना अंतर्गत ग्राम धारपाठा में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 72 घंटे में सुलझाकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। अंधे हत्याकांड में मृतक के ही रिश्तेदार निकले कातिल, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
धूमा पुलिस की यह तेज़तर्रार कार्रवाई एक बार फिर यह साबित करती है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराध करने वाले बच नहीं सकते।
लाश मिलने से मचा हड़कंप
घटना की शुरुआत 3 दिन पहले उस समय हुई जब ग्राम धारपाठा स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास एक अज्ञात युवक की लाश मिली। सूचना मिलते ही धूमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। शव की पहचान देवसिंह पिता स्व. दयालसिंह पन्द्रे, उम्र 27 वर्ष, निवासी परतापुर के रूप में हुई।
मृतक की मां रतिया बाई ने बताया कि उनका बेटा अपनी पत्नी से मिलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन अगली सुबह उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। उन्होंने अपने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की तेज़ कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता के सख्त निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जी.डी. शर्मा तथा लखनादौन एसडीओपी श्री अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में धूमा पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरू की।
हत्या का चौंकाने वाला खुलासा
जांच में सामने आया कि मृतक देवसिंह की हत्या उसके चचेरे भाई गनेशा पन्द्रे और चाचा के दामाद सुखचन्द इनवाती ने मिलकर की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि लंबे समय से चल रहे पारिवारिक जमीन विवाद के चलते उन्होंने यह साजिश रची। घटना वाले दिन वे देवसिंह को बहाने से धूमा लाए, अत्यधिक शराब पिलाई और फिर यात्री प्रतीक्षालय के पीछे रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपी
- गनेशा पिता जवाहर पन्द्रे (उम्र 32), निवासी परतापुर
- सुखचन्द पिता अन्नीलाल इनवाती (उम्र 36), निवासी केरपानी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस पूरे ऑपरेशन में धूमा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शत्रुधन पटले के नेतृत्व में सउनि सौरभ शर्मा, सउनि आर. पी. सिंह, सउनि जयराम ठाकुर, आरक्षक रवि यादव, नेकसिंह उइके, जितेन्द्र सोनी, सतीश ठाकुर, अरुण पटेल, राजेश साहू तथा साइबर सेल से सउनि देवेन्द्र जायसवाल और आरक्षक अजय बघेल की भूमिका सराहनीय रही
सिवनी पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता और तकनीकी दक्षता एक मिसाल है, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है



