धर्मसिवनी

दिव्य महा दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

श्री राम मंदिर में तीन दिवसीय हनुमंत कथा का भव्य आयोजन

 Seoni 05 June 2025
सिवनी यशो:-  घंसौर श्री राम मंदिर परिसर में तीन दिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक ब्रज बिहारी सरकार अनिकेत कृष्ण शास्त्री महाराज के सान्निध्य में यह आयोजन भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
दिव्य महा दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब - Seoni News
कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा श्रवण किया और भक्ति भाव में डूबे। कथा के दौरान श्री हनुमान जी की लीलाओं, उनके अद्वितीय समर्पण और श्रीराम भक्ति से ओतप्रोत जीवन यात्रा का संगीतमय वर्णन किया गया। भावविभोर श्रद्धालु बार-बार ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयघोष के साथ वातावरण को गुंजायमान करते रहे।
श्री ब्रज बिहारी सरकार ने अपने प्रवचनों में बताया कि आज के युग में भी हनुमान जी की उपासना से जीवन में सकारात्मकता, साहस और आत्मबल की प्राप्ति संभव है। उन्होंने श्री हनुमान जी को संकटमोचन बताते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान एक दिव्य महा दरबार का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया गया, साथ ही विशेष हनुमान चालीसा पाठ, आरती एवं विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई थी। समापन अवसर पर भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन समिति ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिकता का विस्तार और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण है।

90 दिवसीय गौ रक्षा जागरण यात्रा का भी संदेश

ब्रज बिहारी सरकार अनिकेत कृष्ण शास्त्री महाराज वर्तमान में 90 दिवसीय गौ रक्षा जागरण यात्रा का भी संचालन कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य गौ माता की रक्षा और भारत सरकार से गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित किए जाने की मांग को बल देना है।
यह यात्रा चार राज्यों—मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़—में विभिन्न गांवों तक पहुंचेगी, जिसमें गौ रक्षा का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि यह यात्रा भारतीय संस्कृति की पुनर्स्थापना की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button