📰 प्रधानमंत्री सड़क पर स्कूल जाती छात्राएं खतरे में, रोज़ाना होती हैं दुर्घटनाएं – कलेक्टर से स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
सुकरी से गंगाई रैयत तक छात्राओं का रोजाना जोखिम भरा सफर, आज फिर हुई सड़क दुर्घटना
Seoni 11 October 2025
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के भीमगढ़ क्षेत्र में प्रधानमंत्री सड़क मार्ग पर लगातार बढ़ते हादसों से ग्रामीण चिंतित हैं। ग्राम सुकरी से गंगाई रैयत तक प्रतिदिन कक्षा पहली से लेकर दसवीं तक की दर्जनों आदिवासी छात्र-छात्राएं पैदल या साइकिल से स्कूल पहुंचती हैं, लेकिन सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही उनके लिए बड़ा खतरा बन गई है।
रोज़ाना फर्राटा भरती गाड़ियों से बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी है और इस पर रोजाना तेज रफ्तार चारपहिया और दोपहिया वाहन दौड़ते हैं। सड़क पर न तो स्पीड ब्रेकर हैं और न ही उचित चेतावनी संकेतक, जिसके कारण छात्राओं के साथ दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं।
आज फिर हुआ हादसा, बालिका गंभीर रूप से घायल
शनिवार को एक और हादसे में माध्यमिक शाला भीमगढ़ की छात्रा शालिनी तेज रफ्तार दोपहिया वाहन की चपेट में आ गई।
उसे गंभीर चोटें आईं,
हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के डायवर्जन क्षेत्र में झाड़ियां उगी हुई हैं,
जिससे सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
छात्राओं ने फिर उठाई मांग
पूर्व में भी स्कूली छात्राओं ने कलेक्टर महोदया से सड़क पर स्पीड ब्रेकर और साफ-सफाई की मांग की थी,
लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों व अभिभावकों ने पुनः प्रशासन से आग्रह किया है कि-
प्रधानमंत्री सड़क पर स्पीड ब्रेकर मांग एवं संकेतक बोर्ड लगाए जाएं,
ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में कोई बड़ी घटना न घटे।



