अमरवाड़ा में ₹21 करोड़ के स्कूल-छात्रावास मंजूर, विधायक राजा कमलेश शाह के प्रयासों से शिक्षा को बड़ी सौगात
अमरवाड़ा यशो :- विधानसभा क्षेत्र अमरवाड़ा में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह के प्रयासों से क्षेत्र में नए स्कूल भवनों और छात्रावास निर्माण के लिए करीब 21 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन निर्माण कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
भाजपा नेता नितिन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल प्रवास के दौरान विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्कूल एवं छात्रावास भवनों के निर्माण की मांग रखी थी। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन कार्यों को मिली स्वीकृति
स्वीकृत कार्यों में परतापुर, हर्रई में सीनियर कन्या छात्रावास भवन के लिए 4 करोड़ 44 लाख रुपये तथा गौरपानी, हर्रई में सीनियर कन्या छात्रावास भवन के लिए 4 करोड़ 44 लाख रुपये शामिल हैं।
इसी तरह अमरवाड़ा विकासखंड में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरवाड़ा के नवीन भवन के लिए 2 करोड़ 18 लाख रुपये तथा पीएम श्री शासकीय बालिका उच्चतर विद्यालय अमरवाड़ा के माध्यमिक विभाग के शाला भवन के लिए भी 2 करोड़ 18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खिरेटी, अमरवाड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोनार, अमरवाड़ा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिर्री, अमरवाड़ा के नवीन भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 18 लाख रुपये प्रत्येक की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
इस प्रकार स्वीकृत कार्यों की कुल राशि करीब 20.98 करोड़ रुपये है।
विद्यार्थियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
नए स्कूल भवनों एवं छात्रावासों के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से छात्रावास निर्माण से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए आवासीय सुविधा मजबूत होने की उम्मीद है।
स्वीकृत निर्माण कार्यों की निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग रहेगी।
विधायक के प्रति जताया आभार
अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा से जुड़े करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिलने पर भाजपा नेताओं एवं विद्यार्थियों ने विधायक राजा कमलेश प्रताप शाह के प्रति आभार व्यक्त किया है। समर्थकों का कहना है कि नए भवनों और छात्रावासों के निर्माण से क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
यह भी पढ़ें:-
सिवनी सहित जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी
आदिवासी भूमि मद परिवर्तन के विरोध में ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
सिवनी के शराब तस्कर चौरई में धराए, 62.28 लीटर शराब और दुपहिया वाहन जब्त



