पकड़े गये एक खिलाड़ी ने पुलिस अधीक्षक को की है शिकायत
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा कोतवाली पुलिस के एएसआई एक दिन पूर्व ही रिश्वत लेते पकड़े गये है और अब कुंडीपुरा पुलिस पर रिश्वतखोरी के आरोप लगे हैं। छोटी बाजार निवासी हरिशंकर तिवारी ने पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है और उन्होंने पुलिस अधीक्षक को इस आशय का ज्ञापन भी सौंपा । जानकारी के अनुसार कुुंडीपुरा पुलिस द्वारा बीते दिनों पहले मोक्षधाम के पास कुछ लोगों को हाउसी खेलते हुए पकड़ा गया था।
जिसमे छोटी बाजार निवासी हरिशंकर तिवारी को भी पुलिस ने आरोपी बनाया था, एसपी से शिकायत कर हरिशंकर तिवारी ने बताया कि जब उन्हें थाने ले जाया गया तो वहां पर पदस्थ कॉन्स्टेबल करण रघुवंशी ने 10 हजार रुपए की मांग की, जबकि पैसे न देने पर उनके साथ मारपीट की गई। एसपी को सौपी गई शिकायत में हरिशंकर ने बताया कि पुलिस ने जितने भी लोगों को पकड़कर थाने लेकर पहुँची थी वहां सभी को छोडऩे के एवज में करण रघुवंशी द्वारा 5 से 10 हजार रूपए मांगे गए थे। जबकि कइयों के जेब से पैसे निकालकर रख लिए गए। हरिशंकर तिवारी ने एसपी को सौपे गए ज्ञापन में उचित कार्यवाही की मांग की है। चर्चा है कि मोक्षधाम में हाउसी में जप्त राशी भी लाखों में थी, लेकिन पुलिस द्वारा उसे मामूली राशि दर्शाई गई है।





