छिंदवाड़ामध्यप्रदेश

सड़क के लिए युवाओं ने छेड़ी मुहिम, अब शासन से स्वीकृति और बजट की मांग

चिखली-चनेरी के बदहाल रास्ते को लेकर लामबंद हुए युवा, एसडीएम को ज्ञापन के बाद जनपद अध्यक्ष ने विधायक-सांसद और मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

अमरवाड़ा-चिखली-चनेरी सड़क के लिए युवाओं की मुहिम, बजट की मांग

Chhindwara 11. September 2026
अमरवाड़ा यशो:- अमरवाड़ा से चिखली-चनेरी तक सड़क निर्माण की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। लंबे समय से बदहाल सड़क और बारिश में कीचड़ की समस्या से परेशान दोनों गांवों के युवा एकजुट होकर सड़क निर्माण की मुहिम चला रहे हैं। युवाओं की सक्रियता और लगातार उठाई जा रही मांग का असर अब प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के स्तर पर भी दिखाई देने लगा है।

चिखली और चनेरी के युवाओं का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। बारिश के दौरान मार्ग पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोगों को पैदल निकलने में भी मुश्किल होती है।

सोशल मीडिया पर तस्वीरें-वीडियो साझा कर उठाई आवाज

सड़क की बदहाली को सामने लाने के लिए युवाओं ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। मार्ग की खराब स्थिति के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।

युवाओं का कहना है कि सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि दोनों गांवों के ग्रामीणों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क खराब होने से विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों और आम राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सड़क निर्माण की रखी मांग

मुहिम के क्रम में चिखली और चनेरी के युवाओं ने अमरवाड़ा एसडीएम हेमकरण धुर्वे को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण की मांग रखी थी। युवाओं ने प्रशासन से मार्ग की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्माण की दिशा में कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन के बाद अब सड़क निर्माण का मुद्दा जनप्रतिनिधियों के स्तर पर भी पहुंच गया है।

जनपद अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री, विधायक और सांसद से मांगी स्वीकृति

युवाओं की मांग के समर्थन में जनपद अध्यक्ष गणेश कंगाली ने पत्र के माध्यम से अमरवाड़ा विधायक, सांसद एवं मुख्यमंत्री से अमरवाड़ा से चिखली-चनेरी तक सड़क निर्माण कार्य को जल्द स्वीकृति देने की मांग की है।

उन्होंने सड़क निर्माण के लिए अनुमानित बजट उपलब्ध कराने की मांग भी की है, ताकि लंबे समय से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिल सके।

अब स्वीकृति और बजट का इंतजार

युवाओं की मुहिम के बाद सड़क निर्माण की मांग ने जोर पकड़ लिया है। ग्रामीणों और युवाओं को अब शासन स्तर से सड़क निर्माण की स्वीकृति और बजट मिलने का इंतजार है। यदि सड़क निर्माण को मंजूरी मिलती है तो बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों के साथ ही ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े :-

प्रधान जिला जज सतीश चंद्र राय को भावभीनी विदाई, रीवा हुआ स्थानांतरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाएं और अपनों का अपार स्नेह, मनोज मर्दन त्रिवेदी ने कहा—यही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी

मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन, 11 कारोबारियों पर 1.80 लाख का जुर्माना

“नगरपालिका में फिर बवाल, अपनों ने ही खोली पोल!” अमृत 2.0 के कामों पर शिकायत से हड़कंप

https://hindi.indiawaterportal.org/river-and-pond/jam-nadi-gotmar-mela-stone-pelting

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button