छिंदवाड़ामध्यप्रदेशराजनीति

 कन्हान क्षेत्र बचाने रोड से कोर्ट तक लड़ेगी कांग्रेस: उईके 

जुन्नारदेव यशो:- उजड़ते कन्हान क्षेत्र को बचाने के लिए श्रमिक संगठन इण्टुक,  एच एम एस, एटक,  सीटू, एवं एस सी एस टी काउंसिल ने कॉंग्रेस पार्टी को साथ लेकर महा प्रबंधक कार्यालय डुंगरिया के समक्ष जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके के नेतृत्व में जंगी प्रदर्शन कर भाजपा सरकार पर जबरदस्त हमला बोला। विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ दल एवं उसके तरफ से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने भी वादा किया था कि वे फारेस्ट विभाग की अनापत्ति दिलाकर एवं नई नई कोयला खदान खुलवाकर कन्हान क्षेत्र को बचाएंगे। साथ ही कुछ लोगों ने चुनाव के पहले अलग संगठन बनाकर कन्हान क्षेत्र को बचाने की बात कही थी किन्तु अब जब कन्हान क्षेत्र एकदम समाप्ति की ओर है तब ऐसे संगठन मैदान छोड़ चुके है एवं उनकी चुनाव के पहले की भूमिका को संदिग्ध माना जा रहा है। 
जिस संगठन या राजनीतिक दलों ने इन श्रमिक संगठनों से कन्हान क्षेत्र को बचाने के लिए आंदोलन में साथ देने के लिए सहयोग मांगा उन्हें इन श्रमिक संगठनों ने अपना पूरा सहयोग भी दिया किन्तु जब क्षेत्र उजाड़ हो रहा है तब इनमें से वे संगठन एवं भाजपा मैदान में कही नजर नही आ रहे है। इसीलिए जुन्नारदेव विधायक के नेतृत्व में काँग्रेस पार्टी को साथ लेते हुए श्रमिक संगठन इंटक, एच एम एस, एटक, सीटू एवं एस सी एस टी काउंसिल के संयुक्त मोर्चा ने आगे की लड़ाई लडऩे का फैसला किया है।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके ने कहा कि कन्हान क्षेत्र को बचाने के लिए काँग्रेस पार्टी हमारे नेता कमलनाथ एवं नकुलनाथ के निर्देशन में संयुक्त मोर्चा को साथ मे लेकर इस लड़ाई को रोड से लेकर कोर्ट तक लड़ेगी। इसके साथ ही दीवाली के बाद काँग्रेस पार्टी एक बड़ा आंदोलन कर भाजपा सरकार एवं उसके हवाबाज नेताओं का असली चेहरा जनता के सामने उजागर करेगी। इसके लिए हमारे कार्यकर्ता विधानसभा के गाँव एवं शहर के हर गली मोहल्ले में जाकर जन जागरण करेंगे एवं क्षेत्र की आम जनता से कन्हान क्षेत्र को बचाने के लिए आंदोलन से जुडऩे का आव्हान करेंगे।
कार्यक्रम को घनश्याम तिवारी, नीटू गाँधी, अरुण साहू, विनोद निरापुरे, सुभाष गुलबाँके, बी एस ठाकुर, छोटू पाठक, आर के बैग, सुखराम सैयाम, भगवानदीन यादव, नियाज़ खान, अमरनाथ सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मनोज ठग एवं रवि पवार ने किया एवं आभार प्रदर्शन दीपक नागले ने किया।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button