आज मंगलवार 25 फरवरी से प्रारंभ होंगी 12वीं बोर्ड की परीक्षा, पहला प्रश्र पत्र हिंदी
Seoni 24 February 2025
सिवनी यशो:- मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा मंगलवार 25 फरवरी से शुरू हो रही है । आज मंगलवार को 12 वीं का पहला प्रशन पत्र हिंदी का होगा। बोर्ड परीक्षा का समय सुबह 9 से 11:30 बजे तक रहेगा । वहीं कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा गुरूवार 27 फरवरी से शुरू होगी । 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों का भी पहला प्रश्नपत्र हिंदी विषय का रहेगा । वहीं बोर्ड परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं ।
परीक्षार्थी को 8:30 बजे पहुँचना होगा परीक्षा केन्द्र
माध्यमिका शिक्षा मंडल द्वारा जारी परीक्षा संबंधी निर्देश में कहा गया है कि बोर्ड परीक्षा का संचालन सुबह 9 बजे से किया जाएगा, लेकिन स्टूडेंट का परीक्षा केंद्र में 8.30 बजे उपस्थिती देनी होगी। यदि कोई छात्र परीक्षा शुरू होने से 20 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचता है, तो केंद्राध्यक्ष उचित कारण पूछने के बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दे सकेंगे, परंतु 20 मिनिट से अधिक पर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा ।
9 बजे के पूर्व उत्तर पुस्तिका एवं प्रश्र पत्र वितरित होंगे
परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के निर्धारित समय से के 10 मिनिट पूर्व उत्तर पुस्तिका एवं 05 मिनिट पूर्व प्रश्न पत्र वितरित कर दिये जायेंगे । सुबह 6 से 7 बजे के बीच थानों से केंद्राध्यक्ष या सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर के प्रतिनिधि के उपस्थिति में प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे, 7 बजे के बाद प्रतिनिधि प्रश्नपत्र का बाक्स लेकर थानों से निकलेंगे, 8.30 बजे तक प्रश्नपत्र लेकर कलेक्टर प्रतिनिधि और केंद्राध्यक्ष को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा । 8.30 बजे परीक्षा केंद्र में पहुंचने के बाद प्रश्नपत्र की पेटी खोली जाएगी । 8.45 बजे पर्यवेक्षकों को केंद्राध्यक्ष प्रश्नपत्र का पैकेट वितरित करेंगे।
माशिमं की दसवीं-बारहवीं परीक्षा में विद्यार्थियों को दो तरह की उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी । 32 पेज की मुख्य विषय की और 24 पेज की वोकेशनल और संस्कृत विषय की कॉपी होगी । प्रायोगिक परीक्षाओं में 10वीं के विद्यार्थियों को आठ और 12वीं के विद्यार्थियों को 12 पन्नों की कॉपियां मिलेगी. गणित विषय में 32 पन्नों की ग्राफ कॉपी मिलेंगी । सप्लीमेंट्री कॉपी नहीं दी जाएगी. कॉपी में रोल नंबर छिपाने के लिए किसी भी तरह के स्टीकर का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
नकलचियो पर रहेगी कड़ी नजर
इस बार दसवीं बोर्ड परीक्षा में 9,53,777 व 12 वीं बोर्ड की परीक्षा में 7,06,475 परीक्षार्थी शामिल होंगे । . मंडल द्वारा बोर्ड परीक्षा के लिए 3887 केंद्र बनाए हैं. परीक्षा केंद्रों पर नकल पर्ची रखने के लिए मंडल ने एक लोहे की पेटी रखने के लिए निर्देशित किया है, जिसका नाम ईमानदारी की पेटी रखा गया है । इस पेटी में छात्र अपनी ईमानदारी से कोई नकल सामग्री, जिसमें गाइड चिट सामग्री है, तो उसमें डाल सकते हैं. ईमानदारी की पेटी पर स्पष्ट रूप से लिखा जाएगा कि यह पेटी स्वेच्छा से नकल सामग्री परीक्षा कक्ष में प्रवेश लेने से पहले जमा करने के उद्देश्य से रखी गई है. इसके बाद अगर छात्र नकल सामग्री के साथ पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध परीक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी । माध्यमिक शिक्षा मंडल ने नकल रोकने के कड़े इतंजाम किये । इसके साथ ही दसवीं-बारहवीं परीक्षा में कापियों की सिलाई उखड़ी मिली, तो नकल की श्रेणी में रखा जाएगा ।
परीक्षा केन्द्र में नो मोबाइल फोन
प्रश्र पत्र का बाक्स खुलने के पूर्व इसके एक साइड का वीडियो बनाकर माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा निर्धारित व्यक्ति को केन्द्राध्यक्ष निर्धारित मोबाइल पर भेंजेंगे । परीक्षा केन्द्र में केन्द्राध्यक्ष सहित परीक्षा में संलग्र किसी भी कर्मचारी को मोबाईल रखने की अनुमति नहीं होगी सभी को अपना मोबाइल सील कर अलमारी में रखना होगा ।





