मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

खेत में पानी लेने गया था देवेश, कुएं के पास मिली चप्पल… फिर सामने आया दर्दनाक हादसा

खेत में दवा सिंचने के लिए पानी लेने गया था देवेश आर्य, मजदूरों ने कुएं के पास मिली चप्पल से जताया संदेह; तीन माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया

Chhindwara 01 August 2026
छिंदवाड़ा / हरईजागीर यशो:- हरईजागीर से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम बारगी में एक दर्दनाक हादसे में शासकीय सचिव राजू आर्य के बड़े पुत्र देवेश आर्य की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बारगी निवासी देवेश आर्य खेत में दवा सिंचने के लिए कुएं से पानी लेने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

कुएं के पास मिली चप्पल, तब हुआ हादसे का खुलासा

बताया गया कि खेत में दवा सिंचने का काम कर रहे मजदूर काफी देर तक देवेश के पानी लेकर वापस नहीं आने पर उसकी तलाश करने लगे। जब वे कुएं के पास पहुंचे तो वहां केवल उसकी चप्पल दिखाई दी।

मजदूरों ने तत्काल खेत से घर पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां देवेश कुएं में मृत अवस्था में मिला।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना तत्काल पुलिस थाना हरदोई को दी गई। पुलिस द्वारा शाम करीब 7 बजे से अग्रिम कार्रवाई प्रारंभ की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन-चार माह के पुत्र के सिर से उठा पिता का साया

देवेश आर्य की शादी कुछ वर्ष पहले हुई थी। उनका एक छोटा पुत्र है, जिसकी उम्र करीब तीन से चार माह बताई जा रही है। देवेश अपने पीछे पत्नी और मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं।

राजू आर्य के दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र देवेश की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मिलनसार स्वभाव के थे देवेश

ग्रामीणों के अनुसार देवेश आर्य सरल, मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी आकस्मिक मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण राजू आर्य के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

देवेश के पिता राजू आर्य ग्राम पंचायत अहरवाड़ा में शासकीय सचिव के पद पर पदस्थ हैं।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button