राजनीतिमध्यप्रदेशसिवनी

सुबह गश्ती में वन अमले की बड़ी कार्रवाई, सागौन तस्करी की कोशिश नाकाम

सिवनी यशो:- जिले के पांडिया छपारा वन क्षेत्र में सुबह-सुबह चल रही अवैध सागौन कटाई पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया। गश्ती के दौरान पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से सागौन की लकड़ी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के बरघाट परियोजना मंडल अंतर्गत पांडिया छपारा परियोजना परिक्षेत्र में वन अमला लगातार दिन-रात गश्ती कर रहा है। इसी क्रम में 02 फरवरी 2026 की सुबह करीब 6 बजकर 55 मिनट पर पंड्रापानी बीट के कक्ष क्रमांक 736-बी में यह कार्रवाई की गई।

जंगल में मौके पर ही तैयार किए जा रहे थे लट्ठे

गश्ती के दौरान परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी एच.एल. दाहिया एवं उनके अधीनस्थ वन अमले ने देखा कि कुछ लोग सागौन के पेड़ों को काटकर मौके पर ही लट्ठे तैयार कर रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

तीन आरोपी पकड़े गए, बाइक भी जब्त

पकड़े गए आरोपियों की पहचान
जितेन्द्र राहंगडाले (पिता गुरुदयाल),
बसंत उईके (पिता प्रहलाद) और
श्यामसिंह इनवाती (पिता सदासिंह)
के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम लालपुर, थाना बरघाट, जिला सिवनी के निवासी बताए गए हैं।

आरोपियों के पास से

  • 15 नग सागौन लट्ठा,

  • कुल मात्रा 1.674 घन मीटर,

  • अनुमानित मूल्य लगभग 92 हजार रुपये,

  • तथा HF डीलक्स मोटरसाइकिल (MP 22 MF 6503)
    जब्त की गई।

वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

वन विभाग द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण क्रमांक 423/29 (दिनांक 02.02.2026) पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

टीम का सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में सहायक परियोजना क्षेत्रपाल के.आर. चीचले, क्षेत्र रक्षक नीलेश बघेल, स्थायी कर्मी गिरधर, बाबूलाल, संतकुमार, सुरक्षा श्रमिक तामसिंह तथा वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद राना का सराहनीय योगदान रहा।

अवैध कटाई पर सख्ती जारी रहेगी

बरघाट परियोजना मंडल, सिवनी के संभागीय प्रबंधक ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए गश्ती अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कटाई व तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button