जय श्रीराम के जयघोष से गूंजेगा सिवनी: रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, मयूर पालकी बनेगी आकर्षण का केंद्र
सुबह 10 बजे पूजन-पाठ, दोपहर 12 बजे मनाया जाएगा श्रीराम जन्मोत्सव
सिवनी रामनवमी शोभायात्रा – दोपहर 3 बजे श्रीराम मंदिर से निकलेगी विशाल शोभायात्रा, नगरभर में होगा भ्रमण
सिवनी यशो:- चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर सिवनी नगर एक बार फिर “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयघोष से गूंजने को तैयार है। रामनवमी के अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा भव्य आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

शुक्रवारी स्थित गांधी चौक पर सजे भव्य श्रीराम दरबार में इन दिनों हजारों श्रद्धालु दर्शन, भजन-कीर्तन और महाआरती में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। आकर्षक सजावट और दीपों की जगमगाहट से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक वातावरण में डूबा नजर आ रहा है।
सुबह से शुरू होंगे धार्मिक आयोजन
27 मार्च, शुक्रवार को सुबह 10 बजे से श्रीराम मंदिर, शुक्रवारी में पूजन-पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
इसके बाद दोपहर 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव संगीतमय भजनों के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
दोपहर 3 बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा
श्रीराम मंदिर से दोपहर 3 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी—
काली चौक
बसोड़ी मोहल्ला (बरघाट रोड)
गणेश चौक
जैन मंदिर
गिरजाकुंड
ढीमरी मोहल्ला
छिंदवाड़ा चौक
नगरपालिका चौक
नेहरू रोड
इसके बाद शोभायात्रा पुनः शुक्रवारी चौक पहुंचकर समाप्त होगी, जहां महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।

मयूर पालकी रहेगी मुख्य आकर्षण
इस वर्ष शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण मयूर पालकी रहेगी।
श्री रामदल समिति द्वारा विशेष रूप से सुसज्जित पालकी में भगवान श्रीराम की उत्सव प्रतिमा विराजित होगी, जिसे श्रद्धालु अपने कंधों पर उठाकर चलेंगे।
आदिवासी वाद्य दल करेगा अगुवाई
शोभायात्रा की अगुवाई आदिवासी वाद्य गुन्नारशाई समूह करेगा। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना और आरती करेंगे।
श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
श्रीराम जन्मोत्सव समिति और श्री रामदल समिति ने नगर के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से पारंपरिक वेशभूषा में परिवार सहित शामिल होकर शोभायात्रा को भव्य बनाने की अपील की है।





