लाड़ली बहना अब लाभ लेने वाली नहीं, लाभ कमाने वाली बन रही हैं: CM मोहन यादव
1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपए अंतरित; आगर-मालवा को 254 करोड़ के 50 विकास कार्यों की सौगात
लाड़ली बहना योजना की 40वीं किश्त जारी, 1.25 करोड़ बहनों को मिले ₹1835 करोड़
भोपाल/ आगर-मालवा यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को आगर-मालवा में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किश्त के रूप में 1835 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की लाड़ली बहनें अब केवल सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से लाभ कमाने वाली बन रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण केवल नारों से संभव नहीं है। प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
आगर-मालवा को 254 करोड़ के 50 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगर-मालवा जिले को 254 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 50 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें करीब 226 करोड़ रुपए के 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा लगभग 28 करोड़ रुपए के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने करीब 118 करोड़ रुपए की लागत वाली तीन सड़क परियोजनाओं तथा 19 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनने वाले शासकीय विधि महाविद्यालय का भूमिपूजन भी किया।

हर खेत तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी, बनेगी बड़ी गौशाला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगर में बड़ी गौशाला के निर्माण तथा आगर-मालवा जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास के लिए संकल्प शक्ति जरूरी है और राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ प्रदेश के विकास के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नागरिकों से विकास के जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा किया जा रहा है। ‘सच्चा वादा-पक्का काम’ सरकार की पहचान बन चुका है।
50 लाख से अधिक पट्टाधारियों को मिलेगी नि:शुल्क पक्की रजिस्ट्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना-2026’ के तहत प्रदेश के 50 लाख से अधिक ऐसे पट्टाधारियों को पक्की रजिस्ट्री कराकर दी जाएगी, जिनके पास पट्टे तो हैं, लेकिन उनकी रजिस्ट्री नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि इन पट्टों की पक्की रजिस्ट्री का शुल्क राज्य सरकार अपने खजाने से वहन करेगी और पट्टाधारियों को यह रजिस्ट्री नि:शुल्क प्रदान की जाएगी।
25 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। इसी अभियान के दौरान 25 सितंबर से ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सुगम बस सेवा गांवों, पंचायतों, कस्बों, ब्लॉक, तहसील और छोटे-बड़े नगरों तक पहुंचेगी। मध्यप्रदेश में करीब 5 लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क उपलब्ध है और वर्ष 2030 तक प्रदेश में 15 हजार से अधिक बसें चलाने का लक्ष्य रखा गया है।
17 सितंबर को शाम 7 बजे जलेंगे 58 लाख आशीर्वाद के दीपक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश में एक साथ 58 लाख आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे।
उन्होंने प्रदेश की लाड़ली बहनों और शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में दीपक जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर आशीर्वाद रूपी उपहार दें।
4 लाख से अधिक महिलाएं बन रहीं उद्यमी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आजीविका, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 4 लाख से अधिक महिलाएं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की वित्तीय और तकनीकी मदद तथा अपनी उद्यमशीलता के माध्यम से उद्योगपति बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है। सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक माधव सिंह, मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नाबाई चौहान, जिलाध्यक्ष ओम मालवीय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-
सागर शराब त्रासदी के बाद सिवनी में तेज हुआ नशे के खिलाफ जनअभियान
छिंदवाड़ा में 17 सितंबर से 100 दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आगाज
जन विश्वास शिविर में अफसरों की ‘गैरहाजिरी’ पर भड़के मंडल अध्यक्ष!
छिंदवाड़ा के निजी अस्पतालों में महंगा इलाज, सुविधाओं पर मरीजों ने उठाए सवाल
बैगा बाहुल्य गांवों में पहुंचा प्रशासन, चौपाल पर खुला योजनाओं का खजाना!



