मप्र में सड़क क्रांति! 973 नई सड़कें, 1763 करोड़ की मंजूरी
भेरूंदा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया शुभारंभ, बोले— “गांव की सड़क समृद्धि का प्रवेश द्वार”
PMGSY-IV मध्यप्रदेश भेरूंद से शुभारंभ, म.प्र.को बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी में सड़क, आवास और ग्रामीण विकास की कई बड़ी घोषणाएं
भेरूंदा (सीहोर)/भोपाल/नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के भेरूंदा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में PMGSY-IV मध्यप्रदेश का शुभारंभ करते हुए राज्य को सड़क, आवास और ग्रामीण विकास की कई बड़ी सौगातें दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, मंत्री करण सिंह वर्मा तथा अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
“सड़क केवल रास्ता नहीं, विकास का द्वार है”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गांव की सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, इलाज, बाजार, रोजगार और सम्मान तक पहुंच का रास्ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत तेजी से आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय मध्यप्रदेश में खराब सड़कों और मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी थी, लेकिन आज प्रदेश ग्रामीण सड़क निर्माण में देश में अग्रणी बन चुका है।
PMGSY-IV मध्यप्रदेश को मिली 973 सड़कों की मंजूरी
PMGSY-IV के तहत मध्यप्रदेश को 2,117.52 किलोमीटर लंबाई की 973 सड़कों की मंजूरी मिली है, जिनकी लागत 1763.08 करोड़ रुपये बताई गई है। इन सड़कों से प्रदेश की 987 बसावटों को लाभ मिलेगा।
इसी क्रम में विदिशा क्षेत्र को 600.393 किलोमीटर लंबाई की 259 सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिनसे 264 बसावटें लाभान्वित होंगी। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक की सड़कें बनाई जाएंगी।
PM-JANMAN और आवास योजना को भी मिली रफ्तार
PM-JANMAN योजना के तहत 384.34 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं को 261.81 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए PMGSY के कुल 18,907 करोड़ रुपये के सांकेतिक आवंटन में से 830 करोड़ रुपये मध्यप्रदेश को दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2055 करोड़ रुपये की मदर सैंक्शन मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब बिना पक्के मकान के न रहे।
“लखपति दीदी” अभियान को मिलेगा बढ़ावा
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से “लखपति दीदी” अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
किसानों को दिया भरोसा
केंद्रीय कृषि मंत्री ने किसानों के मुद्दों पर कहा कि गेहूं खरीदी में किसी पात्र किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। लंबित सत्यापन का निराकरण कर खरीदी प्रक्रिया को सुचारु बनाया जाएगा।
ग्रामीण सड़क निर्माण में मप्र देश में अव्वल
PMGSY के तहत बड़े राज्यों में 90,766 किलोमीटर सड़क निर्माण पूरा कर मध्यप्रदेश देश में पहले स्थान पर रहा। गुणवत्ता नियंत्रण और सड़क रखरखाव के मामले में भी प्रदेश ने शीर्ष स्थान हासिल किया है।



