सतीश कुंजाम हत्याकांड में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग
परिजनों ने प्रशासन से फांसी की सजा एवं आश्रित परिवार को सहायता देने की अपील की

सतीश कुंजाम हत्याकांड में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, परिवार ने आर्थिक सहायता की लगाई गुहार
सिवनी यशो:- सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेहरा विवरिया में हुए सतीश कुंजाम उर्फ बब्बू हत्याकांड को लेकर परिजनों एवं ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा मृतक के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 की रात्रि लगभग 11 बजे मामूली विवाद के बाद चार आरोपियों द्वारा सतीश कुंजाम उर्फ बब्बू पर कथित रूप से चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल सतीश को उपचार के लिए नागपुर ले जाया गया, जहां 20 मई 2026 को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना में दीपक इनवाती, समीर मर्सकोले, अज्जू उर्फ अजय इनवाती सहित अन्य आरोपियों ने मिलकर बेरहमी से हमला किया। परिजनों ने सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा दिलाने की मांग प्रशासन से की है।
मृतक सतीश कुंजाम परिवार का एकमात्र भरण-पोषण करने वाला सदस्य बताया गया है। उनकी मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। परिजनों के अनुसार मृतक के चाचा प्रेम सिंह कुंजाम एवं परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, जिसके चलते जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
परिवारजनों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए तथा मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।



