मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कामाख्या यात्रा 11 से 16 जुलाई तक
25 जून 2026 तक आवेदन आमंत्रित, छिंदवाड़ा से 196 श्रद्धालु करेंगे यात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: छिंदवाड़ा से कामाख्या तीर्थ यात्रा 11 जुलाई से, 25 जून तक आवेदन
Chhindwara 23 May 2026
छिंदवाड़ा यशो :- मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिला छिंदवाड़ा से कामाख्या मंदिर, गुवाहाटी (असम) की तीर्थ यात्रा 11 जुलाई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग, भोपाल द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के विशेष रेल कार्यक्रम के लिए जिला छिंदवाड़ा को 196 यात्रियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इच्छुक पात्र आवेदक 25 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं उपखंड कार्यालयों से आवेदन सूची भेजने की अंतिम तिथि 27 जून 2026 तय की गई है। यात्रियों को छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन से रवाना किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के बाहर स्थित विभिन्न नामित तीर्थ स्थलों की यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है।
पात्रता की प्रमुख शर्तें
आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए।
आवेदक आयकरदाता नहीं होना चाहिए।
न्यूनतम आयु 60 वर्ष निर्धारित है।
महिलाओं को 2 वर्ष की छूट देते हुए न्यूनतम आयु 58 वर्ष रखी गई है।
60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगजन आयु सीमा से मुक्त रहेंगे।
पति-पत्नी साथ यात्रा करना चाहें तो किसी एक के पात्र होने पर जीवनसाथी भी यात्रा कर सकेगा।
अधिकतम 25 लोगों का समूह बनाकर आवेदन किया जा सकता है।
पूर्व में यात्रा कर चुके व्यक्तियों को पुनः पात्रता के लिए 5 वर्ष की अवधि पूर्ण करना आवश्यक होगा।



