मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

एमए इंग्लिश के छात्रों को मिले शून्य अंक, एनएसयूआई ने उठाए परीक्षा परिणाम पर सवाल

पीएम एक्सीलेंस कॉलेज छिंदवाड़ा में छात्रों का प्रदर्शन, मूल्यांकन त्रुटि सुधारने और पुनः जांच कराने की मांग

एमए इंग्लिश परीक्षा परिणाम विवाद – एमए इंग्लिश के छात्रों को शून्य अंक देने पर विरोध, एनएसयूआई ने पीजी कॉलेज में सौंपा ज्ञापन

Chhindwara 27 May 2026
छिंदवाड़ा यशो:- पीजी (पीएम एक्सीलेंस) कॉलेज छिंदवाड़ा में एमए इंग्लिश लिटरेचर के परीक्षा परिणाम में कथित त्रुटियों को लेकर छात्र-छात्राओं ने विरोध दर्ज कराया। छात्र नेता अर्पित तिवारी के नेतृत्व में छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा परिणाम की पुनः जांच कराने तथा प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

एक विषय में शून्य अंक मिलने से बढ़ी परेशानी

छात्र नेता अर्पित तिवारी ने बताया कि हाल ही में एमए इंग्लिश लिटरेचर के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए थे। परिणाम में कई ऐसे छात्र-छात्राएं सामने आए हैं जिन्हें एक विषय में शून्य अंक प्रदान किए गए हैं, जिसके कारण उन्हें पूरक (सप्लीमेंट्री) प्राप्त हुई है।

प्रभावित विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा में सभी प्रश्नों का उत्तर लिखा था और प्रश्नपत्र को पूर्ण रूप से हल किया था। इसके बावजूद शून्य अंक दिया जाना समझ से परे है तथा उनके साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार प्रतीत होता है।

हर वर्ष सामने आती हैं परीक्षा परिणाम की त्रुटियां

छात्रों की ओर से अपनी बात रखते हुए पीजी कॉलेज प्रभारी करण धारे ने कहा कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद हर वर्ष किसी न किसी प्रकार की त्रुटियां सामने आती हैं, जिसका सीधा नुकसान छात्र-छात्राओं को उठाना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि मूल्यांकन प्रक्रिया में हुई संभावित त्रुटियों की निष्पक्ष जांच कर प्रभावित विद्यार्थियों को राहत प्रदान की जानी चाहिए।

एनएसयूआई ने की त्वरित निराकरण की मांग

राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि परीक्षा परिणाम में सामने आई विसंगतियों का शीघ्र निराकरण किया जाए तथा संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच कर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होने से रोका जाए।

छात्र संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो छात्रों के हित में आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

बड़ी संख्या में छात्र रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्र नेता अर्पित तिवारी, पीजी कॉलेज प्रभारी करण धारे, पीजी कॉलेज महासचिव आशिक उसरेठे, कैफ खान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

https://www.mpinfo.org/mpinfostatic/hindi/e-rojgar/2024/eRojgar-12-Feb-2024-To-18-Feb-2024.pdf

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!